मुरादाबाद। डीएम ने राजनीतिक दलों को एसआईआर के संबंध में जारी आयोग के निर्देशों के बारे में जानकारी दी। बताया गया कि राजनीतिक दल अपने बूथ एजेंटों और विधानसभावार प्रतिनिधियों की सूची शीघ्र उपलब्ध कराएं। डीएम अनुज सिंह ने कलक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों के साथ बैठक कर विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) के बारे में जानकारी दी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने तिथिवार कार्यक्रमों के बारे में राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों को अवगत कराया। बताया कि चुनाव आयोग के निर्देश पर विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण से संबंधित अधिकारी और कर्मचारियों की छुट्टी पर रोक लगाई गई है। डीएम ने कहा कि प्रत्येक राजनीतिक दल अपने बूथ लेवल एजेंट नामित कर दें। साथ ही राजनीतिक दल प्रत्येक विधानसभावार भी अपने प्रतिनिधि नामित करते हुए संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को सूचना उपलब्ध कराएं। इस व्यवस्था से आयोग द्वारा समय-समय पर दिए जाने वाले निर्देशों के बारे में प्रत्येक स्तर पर जानकारी साझा की जाएगी।
इस मामले में प्रशिक्षण एवं गणना प्रपत्रों के मुद्रण का कार्य 28 अक्तूबर से 3 नवंबर 2025 के मध्य पूरा किया जाएगा। 4 नवंबर से 4 दिसंबर 2025 तक बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्र उपलब्ध कराए जाएंगे। गणना प्रपत्र से संबंधित व्यक्तियों से निर्धारित प्रविष्टियां भरवाकर इन प्रपत्रों को प्राप्त किया जाएगा। नौ दिसंबर को निर्वाचक नामावली का आलेख्य प्रकाशन होगा। नौ दिसंबर से 8 जनवरी 2026 के मध्य दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएगी। नौ दिसंबर से 31 जनवरी 2026 तक नोटिस जारी करने, सुनवाई एवं सत्यापन व दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण एवं गणना प्रपत्रों पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा निर्णय लिया जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के बाद सात फरवरी 2026 को निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। बैठक में एडीएम प्रशासन गुलाबचंद्र, एसडीएम सदर डॉ. राम मोहन मीणा, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आदित्य श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।