बिलारी। 218 पोलियो बूथों पर रविवार सुबह पोलियो बूथ दिवस पर 24678 बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाई गई। पोलियो बूथ कवरेज बढ़ाने में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी दिन भर सक्रिय रहे। इस दौरान व्यापार मंडल समेत अन्य सामाजिक संगठनों ने भी सहयोग किया।
पल्स पोलियो अभियान के दौरान बिलारी में लक्षित शून्य से पांच वर्ष तक के 45868 बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाने के लिए 218 स्थायी पोलियो बूथ, 39 मोबाइल पोलियो बूथ और 12 ट्रांजिट पोलियो बूथ बनाए गए थे। ईंट-भट्ठों आदि पर रहने वाले परिवारों के बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाने के लिए मोबाइल टीमें भेजी गई थीं जबकि नगर में बस स्टेंड और रेलवे स्टेशन जैसे इलाकों के लिए ट्रांजिट टीमें लगी थीं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से 40 पर्यवेक्षक तैनात किए गए थे।
नगर स्थित सीएचसी पर पोलियो बूथ का संयुक्त उद्घाटन उद्योग व्यापार मंडल बिलारी के अध्यक्ष संजय जैन और सीएचसी के चिकित्साधीक्षक डॉ. राजपाल सिंह ने संयुक्त रूप से किया। व्यापार मंडल अध्यक्ष ने नगर के सभी व्यापारियों से पल्स पोलियो अभियान में सहयोग करने का आह्वान किया। चिकित्साधीक्षक ने बताया कि बूथ दिवस पर कुल 24678 बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाई गई है। जो बच्चे पोलियो ड्रॉप पीने से वंचित रह गए हैं उन्हें डोर-टू-डोर अभियान चलाकर पोलियो ड्रॉप पिलाई जाएगी।