कांठ। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अंतर्गत क्षेत्र में बूथों पर पल्स पोलियो दिवस मनाया गया। पहले दिन लक्ष्य के सापेक्ष शून्य से पांच वर्ष तक के 23217 बच्चों को पोलियो की ड्रॉप पिलाई गई।
रविवार को सीएचसी कांठ में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजीव सिंह ने बच्चों को पोलियो की ड्रॉप पिलाकर अभियान की शुरुआत की। उन्होंने पोलियो बूथों का निरीक्षण कर जरूरी दिशा निर्देश दिए। इस अवसर पर डॉ. नितिन आंनद पंत, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक चंद्रशेखर यादव, चीफ फार्मेसिस्ट सीपी थपलियाल भी मौजूद रहे। इस बार कांठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अंतर्गत बूथों पर 58959 बच्चों को पोलियो नाशक दवाई पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। रविवार को अभियान के पहले दिन सभी बूथों पर वर्करों के द्वारा 23217 बच्चों को दवा पिलाई गई। सीएचसी की आईओ अंशु सारवान ने बताया कि इस अभियान में 44 सुपरवाइजरों के अंतर्गत 117 टीमें लगाई गई हैं, जो सोमवार से डोर-टू-डोर पहुंचकर बच्चों को पोलियो नाशक दवाई पिलाएंगी। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजीव सिंह ने सभी पोलियों वर्करों को इस महत्वपूर्ण अभियान में लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए हैं।