निकाय चुनाव में लगाए गए करीब पांच हजार कर्मचारियों का प्रशिक्षण बुधवार से पंचायत भवन में शुरू हो जाएगा। यह प्रशिक्षण तीन दिन तक चलेगा। इस दौरान डाक मतपत्र के माध्यम से मतदान कर्मियों को अपने मताधिकार के इस्तेमाल की छूट होगी। कर्मचारी बुधवार से लेकर शुक्रवार तक कभी भी अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे।
इसके लिए प्रशिक्षण स्थल पर ही मतपेटिकाएं रखी जाएंगी।जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने मंगलवार शाम चुनाव प्रक्रिया में जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्हाेंने बताया कि कर्मचारियों का प्रशिक्षण बुधवार से शुरू हो जाएगा। यह प्रशिक्षण 24 नवंबर तक चलेगा।
इसके बाद 25 नवंबर को जोनल मजिस्ट्रेटों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। 26 नवंबर को सभी जोनल मजिस्ट्रेट अपने - अपने इलाकों में प्रत्येक मतदान केंद्र का भ्रमण करेंगे। यदि कहीं कोई कमी उजागर होती तो उसे तत्काल दूर किया जाएगा। सेक्टर मजिस्ट्रेट भी अपने - अपने इलाके में प्रत्येक मतदान केंद्र का भ्रमण करेंगे।
जिलाधिकारी ने बताया कि बुधवार से शुरू हो रहे प्रशिक्षण कार्यक्रम में मतदान कर्मियों को मताधिकार के इस्तेमाल की छूट दी जाएगी। 22 नवंबर से लेकर 24 नवंबर तक मतदान कर्मी डाक मतपत्र के माध्यम से अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर पाएंगे। नगरीय निकाय निर्वाचक नामावली से मतदाता क्रमांक का मिलान करने के बाद ही मतदान कर्मियों को डाक मतपत्र जारी किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि निकाय चुनाव को लेकर पुख्ता तैयारियां की गई हैं। तैयारियों की लगातार समीक्षा की जा रही है। ताकि यदि कहीं कोई कमी छूटी हो तो उसे दूर कर लिया जाए।