धर्म विशेष के लिए विवादित बयान देकर सुर्खियों में आने वाले हिंदू महासभा के कार्यकारी अध्यक्ष कमलेश तिवारी के शहर में आने की सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस की एक टीम लाइन पार स्थित साईं सेलीब्रेशन में पहुंच गई और अखिल भारत हिंदू महासभा द्वारा बिना अनुमति आयोजित किए जा रहे कार्यकर्ता सम्मेलन को रुकवा दिया।
पुलिस ने आयोजकों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। जबकि मूंढापांडे पुलिस ने रामपुर बॉर्डर से ही कमलेश तिवारी को वापस कर दिया।
अखिल भारत हिन्दू सभा ने कार्यकर्ता सम्मेलन कराने के लिए प्रशासन से अनुमति के लिए आवेदन किया था। लेकिन प्रशासन ने अनुमति नही दी। इसके बाद सभा ने शनिवार सुबह लाइन पार स्थित साईं सेलीब्रेशन में विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन शुरू कर दिया। एलआईयू के सूचना मिली कि कार्यक्रम में हिंदू महासभा के कार्यकारी अध्यक्ष कमलेश तिवारी आ रहे हैं।
इसकेे अलावा प्रशासन ने कार्यक्रम की अनुमति भी नहीं दी है। खुफिया विभाग की रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों ने तुरंत मझोला पुलिस को कार्यक्रम को बंद कराने के निर्देश दिए।
जबकि बॉर्डर के थानों को अलर्ट करा दिया गया कि कमलेश तिवारी जिले में प्रवेश नहीं कर पाएं। मझोला पुलिस साईं सेलीब्रेशन में पहुंच गई कर कार्यक्रम बंद करा दिया और सभा के उत्तर प्रदेश के कार्यकारिणी अध्यक्ष प्रांशु जोशी व जिला अध्यक्ष सर्वेश को गिरफ्तार कर लिया और पाकबड़ा थाने भिजवा दिया।