तालिब की हत्या के आरोपी पुलिस की गिरफ्त में।
- फोटो : amar ujala
मूंढापांडे में दो मार्च को ईयरफोन से गला घोंटकर की गई तालिब (14) की हत्या को उसके दोस्त के दो भाईयों समेत तीन लोगों ने अंजाम दिया था। आरोपियों में से एक का प्रेम संबंध गांव में ही रहने वाली एक युवती से चल रहा था, जो कि उसके ‘दुश्मन’ की बेटी है। तालिब ने दोनों को रंगेहाथ देख लिया था।
जिस वजह से उसने अपने भाई और दोस्त के साथ मिलकर हत्याकांड को अंजाम दिया था। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। सीओ हाईवे विशाल यादव ने बताया कि पकडे़ गए आरोपी फुरकान और इरफान दोनों सगे भाई हैं, तीसरा आरोपी उनके जीजा का ड्राइवर नाजिम है।
तीनों आरोपी खानपुर लख्खी गांव के रहने वाले हैं। आरोप है कि फुरकान का प्रेम संबंध गांव में रहने वाली एक युवती से चल रहा था। युवती फुरकान के परिवार से रंजिश रखने वाले किसान की बेटी है। इसके बारे में तालिब को जानकारी हो गई थी, उसने फुरकान और उसकी प्रेमिका को दो मार्च की सुबह खेत में आपत्तिजनक हालत में देख लिया था।
इसकी जानकारी उसने फुरकान के भाई इरफान को दे दी थी और युवती के परिजनों को भी मामले की जानकारी देने की चेतावनी दी थी। लव स्टोरी की जानकारी प्रेमिका के परिजनों तक न पहुंचे, इसलिए फुरकान ने अपने भाई इरफान और नाजिम के साथ मिलकर तालिब की हत्या की योजना बनाई।
नाजिम के जरिए आरोपियों ने तालिब को मिलने के लिए गांव के बाहर ही खेत पर बुलाया और वहां पर ईयरफोन से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। आरोपियों को डर था कि अगर तालिब प्रेम संबंध की जानकारी युवती के परिजनों को दे देगा तो वह बेटी और फुरकान को मार डालते।