ठाकुरद्वारा। नगर के दो युवकों से मारपीट कर एक महिला और उसके साथियों ने लैपटॉप, मोबाइल और नकदी लूटने की शिकायत पुलिस से की गई। पुलिस ने आरोपियों से लूटा गया सामान वापस करा दिया है लेकिन उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है।
नगर के मोहल्ला ईदगाह रोड वार्ड 18 निवासी सलमान अली ने पुलिस को बुधवार को तहरीर दी थी। जिसमें उसने कहा था कि वह मोहल्ले के यामीन के साथ 13 जनवरी को बाइक से जा रहा था। तभी एक महिला और उसके साथियों ने उसे पर हमला बोल दिया।मारपीट कर उसका लैपटॉप, मोबाइल और बैग में रखे 15000 रुपये लूट लिए। सलमान का कहना है कि उसके लैपटॉप में महिला की संदिग्ध गतिविधियां कैद थी। उसका आरोप है कि महिला नशे का धंधा करती है वह उत्तराखंड की रहने वाली है। वहां से आकर यहां रहने लगी है। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच की कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक मनोज परमार का कहना है कि छीना गया सभी सामान वापस कर दिया गया है और उनमें समझौता हो गया है। लेकिन सलमान ने बताया कि उसके मोबाइल और लैपटॉप में से वीडियो और अन्य फोटो डिलीट कर दिए गए हैं। मोबाइल और लैपटॉप वापस कर दिया गया है। जबकि 15 में से सिर्फ पांच हजार रुपये ही उसे वापस मिले हैं। उसका कहना है कि आरोपियों के खिलाफ पुलिस को कार्रवाई करनी चाहिए।