पाकबड़ा। शिक्षक हत्याकांड में पुलिस ने शुक्रवार देर रात भाजपा नेेता को थाने बुलाकर चार घंटे की लंबी पूछताछ की। हालांकि पुलिस अभी किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। भाजपा नेता के अलावा भी पुलिस ने दो अन्य लोगों को भी पूछताछ के लिए थाने बुलाया था। जवाब जवाब करने के बाद पुलिस ने तीनों को थाने से जाने दिया।
पाकबड़ा थानाक्षेत्र के गुरैठा गांव निवासी आईटीआई शिक्षक अशोक चौधरी की हत्या को दो माह से ज्यादा समय बीत चुका, लेकिन पुलिस अभी तक मामले का खुलासा नहीं कर पाई है। हत्याकांड का खुलासा नहीं होने से परिजन और ग्रामीण व अन्य संगठनों के लोगों में रोष है। परिजनों ने एसएसपी, आईजी और डीएम के कार्यालय पर प्रदर्शन कर खुलासे की मांग कर चुके हैं। परिजन सोमवार से एसएसपी कार्यालय के सामने धरना देने का एलान भी कर चुके हैं। इसकी जानकारी मिलने के बाद हरकत में आ गई। शुक्रवार देर रात पुलिस ने भाजपा नेता को थाने बुला कर चार घंटे पूछताछ की है। पुलिस ने भाजपा नेता से पूछताछ करके मामले की कड़ियाें को जोड़ने का प्रयास किया। कई अन्य लोगों से पूछताछ की गई। थाना प्रभारी रजनी द्विवेदी ने बताया की इस मामले में भाजपा नेता समेत कई अन्य लोगों से पूछताछ की गई हैं। अभी तक हत्याकांड से खुलासा जोड़ा कोई अहम सुराग हाथ नहीं लगाया है। पुलिस हत्याकांड के खुलासे में जुटी है।
कई संगठनों ने किया धरने में पीड़ित परिवार का सहयोग करने का एलान
मुरादाबाद। सोमवार को प्रस्तावित धरने की तैयारियां कई संगठनों ने शुरू कर दी हैं। भारतीय किसान यूनियन की बैठक शनिवार को मौढ़ा तैय्या गांव में हुई। जिसमें प्रदेश महासचिव डा. नौ सिंह बैठक को संबोधित करते हुए कहा की इंसाफ करना पुलिस का काम हैं। इस मामले की निष्पक्ष जांच करा कर पुलिस को दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। शिक्षक अशोक चौधरी के परिवार को न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने एलान किया कि भारतीय किसान यूनियन भी किसान परिवार के बेटे की हत्या में न्याय की मांग को लेकर प्रस्तावित धरने में पूर्ण सहयोग करेगा। इस मौके पर खजान सिंह, अभय चौधरी, वीरपाल सिंह, विरेंद्र सिंह, आदित्य ढिल्लो , नितिन चौधरी, समेत अन्य लोग उपस्थित थे।
हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता भी अशोक चौधरी हत्याकांड में खुलासे की मांग को लेकर पीड़ित परिवार के साथ धरने में अपना सहयोग करेगा। बागड़पुर गांव में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। इस मौके पर लक्ष्मण शर्मा, अंकुर प्रजापति, विपिन चौधरी, नन्हे सिंह , सौरभ कुमार सिंह, आदि समेत अनेक लोग उपस्थित थे। विश्व हिन्दू महासंघ भी अशोक चौधरी हत्याकांड में खुलासे की मांग को लेकर पीड़ित परिवार के साथ हैं। संघ के जिला अध्यक्ष राजेश रस्तौगी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा की पीड़ित परिवार को न्याय मिलना ही चाहिए संघ पूरे मामले को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिल कर न्याय की मांग करेगा। लापरवाही करने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की जाएगी। धरने में पीड़ित परिवार का पूरा सहयोग किया जायेगा। इस मौके पर अमित यादव, सुखवीर पाल , दिनेश शर्मा, अरविन्द जोशी, राजेश सैनी, विनोद रूहेला, राहुल सिंह, कमल सिंह, विनित शंकर, अतुल भटनागर, तारा चन्द सिंह, सौरभ सैनी, रवि गुर्जर आदि समेत अनेकों उपस्थित थे।