मुरादाबाद। शराब की दुकानों के आसपास बने दारू के अड्डों पर पुलिस ने बृहस्पतिवार की रात विशेष अभियान चलाया। शाम पांच बजे से देर रात तक सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस ने कार्रवाई की। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और पिलाने वालों के खिलाफ शिकंजा कसा गया। पुलिस ने थार समेत 20 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जबकि 30 लोगों को पकड़ कर उनका मेडिकल कराया है।
शहर से लेकर देहात तक शराब की दुकानों के आसपास खुलेआम शराबखोरी का सिलसिला चल रहा था। कहीं लोग अपनी कारों में बैठकर जाम छलका रहे थे तो कहीं ठेलों और दुकानों पर शराब पिलाई जा रही थी। शराब की दुकान से बोतल खरीदने के बाद लोग आसपास ही अपनी महफिल सजा लेते थे। कई जगह कारों को ही चलता-फिरता बार बना रखा था। इससे आसपास के लोगों को परेशानी हो रही थी। एसएसपी सतपाल अंतिल के आदेश पर जिले के सभी थाना क्षेत्र में पुलिस ने अभियान चलाकर कार्रवाई की। कटघर के हनुमान मूर्ति तिराहे के पास थार में शराब पी रहे पांच युवकों को पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस ने थार सीज कर दी है जबकि पांचों युवकों के खिलाफ भी कार्रवाई की है। मझोला थाने की पुलिस ने कुंदन पेट्रोल पंप के सामने स्थित दुकान के आसपास शराब पी रहे लोगों को दौडा लिया। इसके अलावा बुद्धि विहार के मैदान में कारों को बार बनाकर शराब पी रहे युवकों को पुलिस ने दौड़ा लिया। सिविल लाइंस, कोतवाली, गलशहीद में पुलिस टीमों ने कार्रवाई की। इस अभियान के दौरान पुलिस ने 20 वाहनों को सीज किया है जबकि 50 से ज्यादा वाहनों के चालान किए गए हैं। 30 लोगों को शराब के नशे में पकड़कर मेडिकल कराया गया है। एसपी सिटी कुमार रण विजयसिंह ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। शराब की दुकानों के आसपास ठेले और दुकानों पर शराब पीने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।