मुरादाबाद के पाकबड़ा में होली के हुड़दंग के बीच एक लड़की से छेड़खानी की घटना के बाद ग्रोथ सेंटर पुलिस चौकी पहुंची भीड़ ने दरोगा और सिपाही के साथ मारपीट कर दी। भीड़ में शामिल कुछ असामाजिक तत्वों ने लोगों को उकसाकर चौकी में आगजनी कराने की भी कोशिश की। पुलिस ने दरोगा की तहरीर पर वीडियोग्राफी के आधार पर 13 लोगों को नामजद करते हुए 40-50 अज्ञात लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिसकर्मियों से मारपीट समेत विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
पाकबड़ा पुलिस के मुताबिक मंगलवार को ग्रोथ सेंटर पुलिस चौकी से करीब दो किमी दूर स्थित बहादुरपुर राजपूत गांव में होली के हुड़दंग के बीच एक युवक ने अपने घर के दरवाजे पर बैठी युवती को रंग लगा दिया। उसने खींचतान की जिससे युवती के कपड़े फट गए। इसे लेकर दोनों परिवारों में टकराव हुआ। आरोपी युवक की पत्नी उल्टा युवती के घर जाकर हंगामा करने लगी।
लड़की पक्ष शिकायत लेकर पुलिस चौकी पहुंचा तो आरोपी के घर वाले भी वहां पहुंच गए। पुलिस के मुताबिक लड़की के परिजनों ने तहरीर देने से इंकार करते हुए गांव चलकर आरोपी युवक को पीटने की मांग की। पुलिस के तहरीर मांगने पर लड़की पक्ष ने कहा कि वह रिपोर्ट नहीं लिखाएंगे, खुद गांव जाकर आरोपी को ठीक कर लेंगे। इसे लेकर पुलिस से उनकी नोंकझोंक हुई। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझाने की कोशिश की। लेकिन तभी मौके पर पहुंचे कुछ लोगों ने उत्तेजक नारेबाजी शुरू कर भीड़ को उकसा दिया।
पुलिस ने रोकने की कोशिश की लेकिन भीड़ ने चौकी पर मौजूद दरोगा राजीव और सिपाही साजिद से मारपीट शुरू कर दी। चौकी में तोड़फोड़ और आगजनी की कोशिश हुई तो चौकी स्टाफ ने थाने को सूचना दी। मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर पाकबड़ा ने भीड़ को समझा-बुझाकर शांत किया। लड़की पक्ष से पुलिस ने तहरीर मांगी लेकिन पुलिस के मुताबिक उन्होंने मुकदमा लिखाने से मना कर दिया। पाकबड़ा पुलिस के मुताबिक, हमले में सिपाही साजिद को चोट आई है। दरोगा राजीव कुमार की तहरीर पर सुमित, सोनू, सोमवीर, लक्ष्मण समेत 13 नामजद व 40-50 अज्ञात के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। उधर, ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने दबाव देकर पहले समझौता कराया और फिर उन्हीं के खिलाफ मुकदमा लिख दिया।