मुरादाबाद। होली खेलते वक्त पैर फिसलने से छत से नीचे गिरे एक युवक की मौत हो गई। युवक बिजनौर के सिवाला कला थाना क्षेत्र में यूसुफपुर गांव से अपनी रिश्तेदारी में होली खेलने मुरादाबाद आया था। घायल युवक को आनन फानन में रिश्तेदार जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन कुछ देर के इलाज के बाद उसने दम तोड़ दिया। होली पर हुए हादसे से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद बुधवार को शव परिजनों के हवाले कर दिया।
बिजनौर में यूसुफपुर निवासी होम सिंह(35) मजदूरी करके अपने परिवार का भरण पोषण करता था। पुलिस के मुताबिक मंगलवार को होम सिंह होली खेलने के लिए सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव फरीदपुर में आया था। होली खेलते वक्त वह छत पर चढ़ा और रंग लगाने को रिश्तेदारों के पीछे दौड़ने लगा। इसी भागदौड़ में उसका पैर फिसल गया और वह छत से नीचे गिर गया। घायल होम सिंह को रिश्तेदार तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। नाजुक हालत की वजह से डाक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। लेकिन तभी उसकी मौत हो गई। होम सिंह की मौत की खबर उसके घर पहुंची तो होली के रंगों के बीच कोहराम मच गया। रोते - बिलखते परिजन बदहवास हालत में जिला अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा भरकर बुधवार को होम सिंह के शव का पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।