कांठ। छात्रा को अगवा कर ले जाने के आरोप में फरार चल रहे छह सगे भाइयों के कोर्ट में हाजिर न होने पर पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर उनकी संपत्ति को कुर्क किया गया है। पुलिस ने लाखों रुपये के कुर्क किए गए सामान को थाने में जमा कराया है। जहां सामान की कीमत का आकलन किया जा रहा है।
मामला कांठ नगर के एक मोहल्ले का है। यहां की रहने वाली बीएससी की 17 वर्षीय छात्रा को एक अप्रैल की शाम मोहल्ले का ही रहने वाला फैजान अगवा कर ले गया है। छात्रा के पिता की शिकायत पर पुलिस ने फैजान, सुलेमान, शहजाद, शहनावाज, जहांगीर, आलम, आरिफ, मुकीम, ताजुद्दीन, नबाव, इरफान आदि के खिलाफ अपहरण सहित कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस आरोपी के भाई शहजाद, मुकीम और बहनोई पप्पू उर्फ मरगूब और सुलेमान को जेल भेज चुकी है, लेकिन फैजान और छात्रा का कोई सुराग अभी तक नहीं मिला है। 29 मई को पुलिस ने कुर्की की उद्घोषणा का समय पूरा होने के बाद धारा 82 के तहत फैजान की करीब 25 से 30 लाख रुपये की चल संपत्ति को कुर्क किया था। इसके बाद भी इस मामले के अन्य आरोपी न्यायालय में हाजिर नहीं हुए। 12 जुलाई को न्यायालय ने फरार जहांगीर, आलम, ताजुद्दीन, नबाव, इरफान और आरिफ की भी संपत्ति को कुर्क करने के आदेश पुलिस को दिए थे। जिस पर शुक्रवार को थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष सक्सेना की मौजूदगी में सभी फरार छह आरोपियों की चल संपत्ति को पुलिस ने कुर्क कर सामान को जब्त में लिया। पुलिस जब्त सामान की कीतम का आकलन कर रही है।