कॉलेज जा रही थी छात्रा
मामला यूपी के गजरौला स्थित हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के अल्लीपुर खादर गांव का है। यहां नौनेर हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का सीएचओ बलविंदर लंबे समय से छात्रा को परेशान कर रहा था। छात्रा का आरोप है कि शुक्रवार सुबह जब वह कॉलेज जा रही थी, तभी आरोपी कार लेकर रास्ते में खड़ा था। उसके साथ कुछ दोस्त भी मौजूद थे।
शोर मचाया तो भागा आरोपी
आरोपी ने छात्रा का अपहरण करने की कोशिश की। जब छात्रा ने शोर मचाया तो आसपास के लोग आ गए, जिन्हें देखकर आरोपी वहां से भाग निकला। छात्रा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बलविंदर ने न सिर्फ उसके साथ मारपीट की, बल्कि जब उसके पिता और चचेरे भाई ने विरोध किया तो उन्हें भी पीटा। छात्रा के पिता और भाई को गंभीर चोटें आईं।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। रविवार सुबह पुलिस ने आरोपी बलविंदर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया और माफी मांगने लगा। उसने पुलिस के सामने कहा, "साहब, गलती हो गई। अब कभी किसी छात्रा या महिला से कुछ नहीं कहूंगा।
छात्रा से की थी मारपीट
सीएचसी प्रभारी डॉ. योगेंद्र सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच की गई, जिसमें आरोपी छात्रा के साथ मारपीट करता नजर आ रहा है। उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की सिफारिश की गई है। सीओ श्वेताभ भास्कर ने बताया कि छात्रा की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की गई। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया, जिसके बाद उसे जेल भेज दिया गया।