बिलारी। मोहल्ला वीरनगर में नई विद्युत लाइन बनाए जाने का मामला प्लॉट खरीदारों के विरोध के चलते फंस गया है। उधर लाइन शिफ्टिंग का खर्च वहन करने को लेकर विद्युत विभाग के सामने नई समस्या आ गई है।
झूलते विद्युत तार के करंट से मोहल्ला वीरनगर में युवक की मौत हो जाने की घटना के बाद अधिशासी अभियंता ने स्थानीय अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि घटनास्थल वाले इलाके में विद्युत पोल गाढ़कर नई विद्युत लाइन बनाई जाए और हादसे की पुनरावृत्ति रोकने के लिए बंच केबल डाल दिया जाए।
एसडीओ विद्युत बिलारी आलोक कुमार ने बताया कि मौके पर पुरानी विद्युत लाइन अधिक तंग रास्ते से होकर जा रही है। नई लाइन के लिए जहां पोल गाड़ा जाना उचित है वहां पहले ही प्लाटिंग होकर बिक्री हो चुकी है और प्लॉट खरीदने वाले अपने प्लॉट के ऊपर से होकर विद्युत लाइन जाने का विरोध कर रहे हैं।
एसडीओ के अनुसार घटनास्थल वाले इलाके में प्लाटिंग के बीच में जो रास्ता छूटा हुआ है उस रास्ते में विद्युत पोल गाढ़कर नई लाइन बनाना विभागीय नियमों के लाइन शिफ्टिंग की श्रेणी में आता है। अब समस्या यह आ रही है कि लाइन शिफ्टिंग वाले एस्टीमेट का खर्च कौन वहन करे।
मंगलवार दोपहर बाद एसडीओ और जेई लाइन स्टाफ को साथ लेकर मोहल्ला वीरनगर में पहुंचे और नई सुरक्षित लाइन बनाने की संभावना तलाशी।
एसडीओ और जेई के पहुंचने पर पालिका सभासद दानवीर शर्मा और अन्य नागरिक भी जमा हो गए लेकिन एसडीओ मौके पर समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकाल पाए। मौके पर दो लोहे के और पांच सीमेंट के पोल पड़े हुए हैं। अब देखना है कि विद्युत विभाग क्या कार्रवाई करता है।