कांठ। क्षेत्र के राजकीय महाविद्यालय मथाना कांठ में मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत काव्य पाठ एवं स्लोगन लेखन कार्यक्रम किया गया। जिसमें विद्यार्थियों को महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा एवं जागरूकता के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने के बारे में बताया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. नजाकत हुसैन दीप प्रजवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने अपने संबोधन में मिशन शक्ति के महत्व बताया। कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी एवं जागरूकता को बढ़ावा देते हैं। विद्यार्थियों ने काव्य पाठ प्रतियोगिता में महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता एवं समानता जैसे विषयों पर कविताएं प्रस्तुत की। वहीं स्लोगन निर्माण प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने सशक्त संदेशों के माध्यम से समाज को जागरूक करने का प्रयास किया। इस दौरान काव्य पाठ में महाविद्यालय की छात्रा साक्षी ने प्रथम, पायल ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। स्लोगन लेखन में नरेंद्र कुमार प्रथम और अमित कुमार को द्वितीय स्थान पर रहे। निर्णायक मंडल द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का चयन किया। संवाद
युवा महोत्सव में छात्रों ने दिखाई शानदार प्रतिभा
भोजपुर। राजकीय महाविद्यालय भोजपुर में युवा महोत्सव का शुभारंभ उत्साह के साथ दीप जलाकर एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्या डॉ. सरस्वती, वरिष्ठ शिक्षक डॉ. जितेंद्र कुमार सहित अन्य प्राध्यापक उपस्थित रहे। महोत्सव के अंतर्गत रंगोली एवं काव्य पाठ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी रचनात्मकता, कला एवं अभिव्यक्ति का शानदार प्रदर्शन किया। पूरे महाविद्यालय परिसर में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला। रंगोली प्रतियोगिता का संचालन बना भारती द्वारा किया गया, जबकि काव्य पाठ प्रतियोगिता का संयोजन श्री ज्ञानेंद्र सिंह ने किया। दोनों प्रतियोगिताएं सुव्यवस्थित ढंग से सफलतापूर्वक संपन्न हुईं। कार्यक्रम का संचालन डॉ. पूजा निर्माणिया द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया, जिससे पूरा आयोजन प्रभावशाली रहा। अंत में मधु त्यागी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, शिक्षकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। यह युवा महोत्सव विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने और उनके सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।