मुरादाबाद। मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना के तहत संचालित एक बस के संचालक ने पीतलनगरी डिपो के एक कर्मचारी पर अवैध धन उगाही का आरोप लगाया है। संचालक का कहना है कि हर महीने दो हजार रुपये देने से इनकार करने पर बस संचालन में बाधा डाली गई और स्टाफ को धमकाया गया। इस मामले में मुख्यमंत्री समेत परिवहन निगम के उच्च अधिकारियों से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की गई है।
अनुबंधित बस संचालक सत्येंद्र ने बताया कि उनकी बस मुरादाबाद से मेसुबाला मार्ग पर पीतलनगरी डिपो के अंतर्गत संचालित होती है। आरोप है कि डिपो में तैनात बुकिंग लिपिक मनोज कुमार ने बस पीतलनगरी बस अड्डे पर खड़ी करने और संचालन जारी रखने के नाम पर हर महीने दो हजार रुपये की मांग की। बस पहले से घाटे में चल रही है, इसलिए चालक और परिचालक ने रकम देने से मना कर दिया। संचालक के अनुसार 21 जून को एआरएम प्रेम सिंह ने बस स्टाफ को कार्यालय बुलाकर बस को तत्काल बस अड्डे से हटाने के निर्देश दिए। आरोप है कि बस को दोबारा बस अड्डे पर खड़ा करने पर पहियों की हवा निकलवा देने तक की धमकी दी गई। इस दौरान बस में बैठे यात्रियों को भी उतरवा दिया गया, जिससे यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी।
बस संचालक का कहना है कि योजना के तहत वह पहले से ही बस अड्डा उपयोग शुल्क के रूप में हर महीने 1500 रुपये निगम कोष में जमा कर रहे हैं। इसके बावजूद अतिरिक्त दो हजार रुपये की मांग की जा रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री, अपर मुख्य सचिव, प्रबंध निदेशक और विशेष सचिव को पत्र भेजकर मामले में जांच और कार्रवाई की मांग की है।
00
वर्जन..
-बस संचालक द्वारा लगाया गया आरोप गलत है। बस चालक और परिचालक से बस के रूट की जानकारी मांगी गई थी, लेकिन जानकारी नहीं दी गई। बस को अवैध रूप से बस अड्डे पर खड़ा किया गया था, इसलिए हटवाया गया।-प्रेम सिंह, एआरएम, पीतलनगरी डिपो