कुंदरकी। शनिवार की शाम मैनाठेर क्षेत्र में ईसागढ़ रोड पर नगलिया मशकूला रोड पर पिकअप वाहन ने बाइक सवार दो दोस्तों को रौंद दिया। इस भीषण हादसे में कुंदरकी थाना क्षेत्र के ग्राम चितेरी निवासी अंकित चौहान 26 वर्ष पुत्र जयवीर सिंह की मौत हो गई जबकि गांव का ही उसका दोस्त विकास 25 वर्ष गंभीर रूप से घायल हुआ है जिसको सीएचसी से बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल को रेफर किया गया है। मृतक अंकित चौहान पेशे से एमआर था जबकि घायल विकास भी एमआर बताया गया है। दोनों दोस्त किसी काम से संभल जिले के ग्राम शाहपुर चमारान को गए थे, वहां पर उनकी करीबी रिश्तेदारी भी है। परिजनों के अनुसार शनिवार की शाम में करीब साढ़े छह बजे दोनों दोस्त बाइक अपने ग्राम चितेरी को लौट रहे थे। बताते हैं कि ईसागढ़ रोड पर तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में अंकित चौहान के सिर में गंभीर चोटें आई जिसकी वजह उसकी सीएचसी आने से पहले ही मौत हो चुकी थी। हादसे की सूचना मिलते ही मैनाठेर कोतवाल किरन पाल सिंह पुलिस कर्मियों के साथ कुंदरकी सीएचसी में आ गए और शव को पंचनामा भरकर पीएम को भिजवाया गया। कोतवाल ने बताया कि वाहन को पकड़ लिया गया और तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
सड़क हादसे में जान गंवाने वाले एमआर अंकित चौहान अपने परिवार का इकलौता बेटा था जबकि उसकी बहन नेहा की शादी हो चुकी है। सीएचसी में इकलौते बेटे की मौत पर उसके पिता किसान जयवीर सिंह गम से बेहाल हो गए जिनको सगे संबंधी और रिश्तेदार ढाढ़स बंधा रहे थे। वहीं जिसने भी हादसे के बारे में सुना तो दौड़कर सीएचसी पर आ गया। आकस्मिक हादसे को लेकर हर आंख नम नजर आई थी।
क्षेत्र के ग्राम चितेरी निवासी एमआर अंकित चौहान की इसी साल 11 मार्च को शादी हुई थी। पिता जयवीर सिंह और मां ऊषा ने इकलौते बेटे की शादी में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी थी। आकस्मिक हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया है। शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए घर पर देर रात से लोगों को तांता लगा रहा।