सुरजन नगर। चौकी क्षेत्र में सोमवार दोपहर तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार मां व बेटे को टक्कर मार दी। हादसे में मां की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने पिकअप चालक की गिरफ्तारी की मांग के लिए तीन घंटे तक सड़क जामकर हंगामा किया। जिससे सूरजननगर–डिलारी मार्ग पर यातायात पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। कोतवाली क्षेत्र के गांव बहापुर निवासी यशपाल कश्यप की पत्नी सुमन देवी (45) अपने बेटे विराट के साथ किसी काम से सूरजननगर गई थी। लौटते समय जैसे ही वे गांव के निकट गन्ना क्रय केंद्र के पास पहुंची, पीछे से आई तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सुमन देवी की मौके पर ही मौत हो गई। बेटा विराट लहूलुहान अवस्था में सड़क पर तड़पता रहा।
सूचना पर घटना स्थल पहुंचे परिजनों व ग्रामीण मौके ने जमकर हंगामा किया। घटना स्थल पर एसडीएम प्रीति सिंह व कोतवाली प्रभारी मनोज परमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों के समझाने के बाद भी ग्रामीणों और मृतका के परिजनों पिकअप चालक की तुरंत गिरफ्तारी पर अड़े रहे। वहीं एसडीएम ने सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीण शांत हुए और जाम खोल दिया गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।