मुरादाबाद। समर्थ पोर्टल का सर्वर डाउन होने के चलते हिंदू पीजी कॉलेज, केजीके पीजी कॉलेज समेत अन्य कॉलेज में पीजी में एडमिशन कराने आए सैकड़ों छात्र-छात्राओं की सीट लॉक नहीं हो पाई। छह अक्तूबर को पीजी में एडमिशन की तिथि खत्म हो गई। देर रात तक गुरु जंभेश्वर विवि की ओर से पीजी में एडमिशन की तिथि नहीं बढ़ाई गई।
गुरु जंभेश्वर विवि से संबद्ध कॉलेजों में पीजी में एडमिशन की सोमवार को अंतिम तिथि थी। समर्थ पोर्टल का सर्वर डाउन होने के कारण सैकड़ों छात्र-छात्राओं का एडमिशन नहीं हो पाया। केजीके पीजी में करीब 450 सीटों में से 50 छात्र-छात्राओं की सीट लॉक नहीं हो पाई है। वहीं हिंदू पीजी कॉलेज में 745 सीटें लाक हुई हैं। बाकी की सीटें सर्वर डाउन होने के कारण नहीं लाक हो पाई हैं। सोमवार को भूगोल विभाग और लाइब्रेरी में सीट लाक कराने के लिए छात्र-छात्राओं की भीड़ लगी रही। कुछ छात्र दो कुछ तीन दिन से कॉलेज का चक्कर लगा रहे हैं। छात्र-छात्राओं ने कहा कि सीट लॉक कराने के लिए विभाग में शिकायत करने के बावजूद सुनवाई नहीं हुई। कांशीराम नगर की रहने वाली भूमिका दिवाकर ने कहा कि एमएससी में एडमिशन लेना है। दो दिन से कॉलेज की चक्कर लगा रही हूं लेकिन अभी तक सीट लॉक नहीं हुई है। वहीं टांडा की रहने वाली सोमिया ने बताया कि पहली मेरिट लिस्ट में नाम आया लेकिन अभी तक सीट लॉक नहीं हुई है। अगर एडमिशन की तिथि नहीं बढ़ाई गई तो सीट लॉक नहीं हो पाएगी।