मुरादाबाद। नागरिकता संशोधन बिल को लेकर मुस्लिम संगठनों ने शुक्रवार को नमाज के बाद बारिश की परवाह किए बगैर जमकर प्रदर्शन किया। जमीयत उलमा-ए-हिंद व कुल हिंद मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के कार्यकर्ता व पदाधिकारियों ने नागरिकता संशोधन बिल के विरोध में जामा मस्जिद चौराहे के निकट एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन करने के बाद जिला प्रशासन को जहां ज्ञापन सौंपा वहीं बाबरी एक्शन कमेटी के कार्यकर्ताओं ने संगठन के संयोजक सलीम बाबरी की अगुवाई में नागरिकता संशोधन बिल की प्रति फूंक विरोध का इजहार किया।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जुमे की नमाज के बाद राष्ट्रीय आह्वान पर जमीयत उलमा-ए-हिंद के कार्यकर्ता जामा मस्जिद पर एकत्र हुए। जमीयत उमला-ए-हिंद शहर के महासचिव मौलाना मुजम्मिल हुसैन की अगुवाई में नागरिकता बिल के विरोध में नारे लिखी तख्ती हाथ में लेकर कुछ देर प्रदर्शन किया। बाद में शहर इमाम हकीम सैय्यद मासूम अली साहब की सरपरस्ती में राष्ट्रपति को संबोधित छह सूत्री ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। जिसमें इस बिल को संविधान में प्रदत्त समानता के मूल सिद्धांत के विरुद्ध व असम समझौते का उल्लंघन करने वाला करार देते हुए इसे तुरंत वापस लिए जाने की मांग की गई है। इस मौके पर शहर इमाम सैय्यद मासूम अली साहब, मुफ्ती सैय्यद फहद अली, जामा मस्जिद के इमाम कारी मौलाना इब्राहीम, कारी नफीस उर्रहमान, मौलाना मुजम्मिल हुसैन, हाजी नसीम सिद्दीकी आदि मौजूद रहे।
कुल हिंद मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के कार्यकर्ता पूर्व जिलाध्यक्ष मुस्तफा अली की अगुवाई में जामा मस्जिद चौराहे के निकट एकत्र होकर बिल की प्रति व हाथ में नारे लिखी तख्ती लेकर विरोध प्रदर्शन किया। वहीं पर सभी भी की। जिसमें पूर्व जिलाध्यक्ष मुस्तफा अली ने कहा कि यह बिल मुसलमानों के लिए निहायत ही नुकसानदायक और देश की गंगा जमुनी तहजीब के खिलाफ है। लिहाजा इसे तुरंत वापस लिया जाना चाहिए। वक्ताओं ने बिल को मुस्लिम विरोधी करार देते हुए उसे संविधान में लाने व मुसलमानों के लिए 20 फीसदी आरक्षण की व्यवस्था किए जाने की मांग की। बाद में प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति को संबोधित तीन सूत्री ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा। इस मौके पर जकी राइनी, मुस्तफा अली, एहतशाम मंसूरी, साजिद सैफी, रवि रंकेश, अजीम गुड्डू, शकील अहमद, अशरफ अब्बासी आदि मौजूद रहे।
बाबरी एक्शन कमेटी कार्यकर्ताओं ने फूंकी बिल की प्रति
मुरादाबाद। बाबरी एक्शन कमेटी के जिला संयोजक मोहम्मद सलीम बाबरी की अगुवाई में कमेटी के दर्जनों कार्यकर्ता जुमे की नमाज के बाद जामा मस्जिद चौराहे पर एकत्र हुए तथा वहीं नागरिकता संशोधन बिल के विरोध में प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। कुछ देर प्रदर्शन करने के बाद कार्यकर्ताओं ने नागरिकता संशोधन बिल की प्रति को आग के हवाले करते हुए विरोध का इजहार किया। बिल की प्रति फूंकने व विरोध प्रदर्शन करने के दौरान संयोजक मोहम्मद सलीम बाबरी, सलीम वारसी, सुयेब पाशा, कैसर कुद्दूसी, अकील खां, सलाउद्दीन मंसूरी, गौैहर अली बेग, सिकंदर अली व सैय्यद जुनैद अली आदि मौजूद रहे। ब्यूरो