मुरादाबाद। लालापुर पीपलसाना गांव में मंगलवार की दोपहर करीब एक बजे महिला संतोष देवी का शव पहुंचा तो ग्रामीण हंगामा करने लगे। उन्होंने फिर से तेंदुए पकड़वाने की मांग की। वन विभाग के अधिकारी आ गए और उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया है कि जब तक तेंदुए नहीं पकड़ा जाएगा तब तक टीम यहीं रहेगी। इसके बाद लोग शांत हो गए।
सोमवार की दोपहर तेंदुए ने महिला पर हमला कर दिया था। जिसमें महिला की मौत हो गई थी। वन विभाग के लोगों ने आश्वासन दिया था कि 24 घंटे में तेंदुए को पकड़ लिया जाएगा। मंगलवार दोपहर एक बजे पोस्टमार्टम के बाद संतोष देवी का शव गांव में पहुंचा तो आस पड़ोस के गांवों के लोग भी इकट्ठा हो गए। उन्होंने मांग रखी कि तेंदुआ पकड़ा जाए और परिवार को आर्थिक मदद दी जाए। परिवार के एक सदस्य की सरकारी नौकरी लगवाई जाए। इसी दौरान वहां पूर्व विधायक विजय यादव पहुंच गए और उन्होंने लोगों को समझाया कि संविदा पर एक सदस्य को नौकरी दिलवाई जाएगी। उन्होंने इसके लिए अधिकारियों से बात भी की। डीएफओ डॉ. विनय कुमार ने लोगों को बताया कि वन विभाग की ओर से परिवार को मुआवजा दिलाया जाएगा। इसके बाद लोग शांत हो गए।