बिलारी। ब्लॉक बिलारी की सभी किसान सेवा सहकारी समितियों पर सचिवों के कलमबंद हड़ताल पर चले जाने से बृहस्पतिवार को खाद लेने आए अनेक किसान मायूस लौट गए।
बिलारी की किसान सेवा सहकारी समिति थांवला के प्रबंध निदेशक और साधन समिति सचिव परिषद के मुरादाबाद जिलाध्यक्ष आजाद हुसैन ने बताया कि प्रदेश की वीपैक्स पर कार्यरत किसान सेवा सहकारी समितियों के कैडर सचिव, प्रभारी सचिव और अन्य कर्मी अपनी वेतन संबंधी मांग लगातार शासन के सामने रख रहे हैं। मुख्य मांग है कि समिति सचिवों को कमीशन को आधार न बनाकर राज्य सरकार की ओर से वेतन दिया जाए। साधन सचिव समिति परिषद की ओर से इस मांग को लेकर बीती 17 अक्तूबर को मुरादाबाद में सहायक आयुक्त और सहायक निबंधक सहकारिता को ज्ञापन भी दिया जा चुका है।
जिलाध्यक्ष आजाद हुसैन के अनुसार उनके साथ जिले के अनेक सहकारी समितियों के प्रभारी सचिव और प्रबंध निदेशक बृहस्पतिवार को अपनी वेतन संबंधी मांग को लेकर लखनऊ के ईको गार्डन में धरना प्रदर्शन कर रहे हैं।
संगठन के प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर जिले की सभी सहकारी समितियों में बेमियादी कलमबंद हड़ताल शुरू हो गई है। ब्लॉक की अबूपुरा और पीपली सहकारी समिति के प्रभारी सचिव विकास शर्मा ने बताया कि समिति कार्यालय तो खुले लेकिन वह कलमबंद हड़ताल पर हैं।
बिलारी सहकारी समिति का कार्यालय तो खुला लेकिन प्रबंध निदेशक का कक्ष बंद रहा। हड़ताल के कारण खाबरी अव्वल और नगलिया जट से खाद लेने आए कई किसान मायूस वापस लौट गए।