जिला अस्पताल की फार्मेसी से खाली हाथ लौट रहे तीमारदार- सिरप बाहर मेडिकल स्टोरों से खरीदने को मजबूर हैं लोग
अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद। बच्चों में खांसी और सांस संबंधी संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं, लेकिन जिला अस्पताल की फार्मेसी में उनके लिए खांसी के सिरप नहीं हैं। इलाज के लिए अस्पताल पहुंच रहे अभिभावकों को डॉक्टर की सलाह तो मिल रही है, लेकिन फार्मेसी से दवा नहीं। वहां पहुंचते ही उन्हें निराशा हाथ लग रही है। कई अभिभावक सिरप न मिलने पर खाली हाथ लौटने को मजबूर हैं। अब उन्हें निजी मेडिकल स्टोर से दवा खरीदनी पड़ रही है।
मंगलवार को गंगा स्नान के कारण जिला अस्पताल में दोपहर 12 बजे तक ही ओपीडी संचालित हुई। इस दौरान भी बच्चों के खांसी के सिरप के लिए पहुंचे कई अभिभावकों को फार्मेसी से दवा नहीं मिली। उनका कहना था कि सरकारी अस्पताल में इलाज कराने के बाद भी दवा बाहर से खरीदनी पड़ रही है। निजी मेडिकल स्टोर पर बच्चों के खांसी के सिरप की कीमत 100 रुपये से कम नहीं है। बच्चों की बीमारी के कारण अभिभावकों के पास इसे खरीदने के अलावा कोई विकल्प नहीं है। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अवनीश कुमार सिंह के मुताबिक, ओपीडी में रोजाना 100 से 120 बच्चे पहुंच रहे हैं। वार्ड में प्रतिदिन तीन से चार बच्चों को भर्ती करना पड़ रहा है। इनमें ज्यादातर एलर्जिक इनफेक्शन और निमोनिया से पीड़ित हैं। चिल्ड्रन वार्ड में भर्ती मरीजों में हर तीसरा बच्चा निमोनिया से पीड़ित है।
अभिभावकों के कोट्स (फोटो)
मेरे दो साल के बच्चे को खांसी की शिकायत है। डॉक्टर को दिखाने के बाद जब दवा लेने फार्मेसी पहुंचे तो सिरप नहीं मिला। सरकारी अस्पताल में दवा मिलने की उम्मीद लेकर आए थे, लेकिन अब मेडिकल स्टोर से खरीदना पड़ेगा। हर बार इलाज के साथ दवाओं का खर्च उठाना भी आसान नहीं है।
- अभिषेक सिंह
बच्चे की तबीयत खराब होने पर अस्पताल आए थे। डॉक्टर ने सिरप लिखा, लेकिन फार्मेसी में उपलब्ध नहीं था। अगर सरकारी अस्पताल में भी दवाएं नहीं मिलेंगी तो गरीब परिवार कहां जाएंगे। निजी मेडिकल स्टोर पर दवाओं के दाम काफी ज्यादा हैं। मजबूरी में बाहर से खरीदना पड़ेगा।
- तसलीम
मेरा तीन साल का बेटा है। उसे खांसी-जुकाम है। अस्पताल में इलाज कराने का मकसद यही था कि डॉक्टर को दिखाने के साथ दवाएं भी यहीं मिल जाएं। लेकिन सिरप नहीं मिलने से परेशानी बढ़ गई। बच्चे को खांसी है तो दवा देना जरूरी है। अब बाजार से खरीदना होगा।
- अरकान
बच्चों की बीमारी में पहले ही परेशान रहते हैं। अस्पताल में डॉक्टर को दिखाने के बाद दवा के लिए भी भटकना पड़े तो मुश्किल और बढ़ जाती है। खांसी का सिरप नहीं मिला। अब बाहर से खरीदना मजबूरी है। अस्पताल प्रशासन को जरूरी दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करनी चाहिए।
- विवेक पाल
वर्जन
अस्पताल में बच्चों के कफ सिरप सीमित संख्या में ही उपलब्ध हैं। कोडीन प्रकरण के कारण निदेशालय से सख्त निर्देश मिले हैं। जिन मरीजों के पर्चे पर डॉक्टर सिरप लिख रहे हैं, केवल उन्हीं को दवा दी जा रही है। यदि ऐसे किसी मरीज को सिरप नहीं मिला है तो वह हमें आकर बता सकता है।
- डॉ. नीरज अग्रवाल, एसआईसी