मुरादाबाद। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा हाल में लिए गए पतंजलि ब्रांड के दूध सहित कई खाद्य पदार्थों के नमूने जांच में फेल हो गए हैं। इनके विक्रेता और निर्माताओं के खिलाफ विभाग द्वारा संबंधित न्यायालय में केस दर्ज कराया जाएगा।
खाद्य सुरक्षा एंव औषधि प्रशासन के अभिहित अधिकारी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि हाल ही में विभाग द्वारा कई खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच को प्रयोगशाला में भेजे गए थे। इसकी जांच रिपोर्ट विभाग को मिली है। इनमें पतंजलि ब्रांड का दूध समेत कई अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने जांच में फेल मिले हैं। संबंधित विक्रेताओं और निर्माताओं के खिलाफ न्याय निर्णयन अधिकारी अपर जिलाधिकारी नगर और अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम के यहां वाद दायर किया जाएगा। अभिहित अधिकारी ने बताया कि पिछले महीने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के निर्देश पर डबल फाटक, गंज बाजार और ताजपुर माफी से मसालों के नमूने लिए गए थे। इसकी जांच रिपोर्ट भी मिली हैं। इन मसालों में हानिकारक रंग की पुष्टि हुई है। इन सभी मामलों में विक्रेता के खिलाफ संबंधित न्यायालय में वाद दायर किया जाएगा।