मुरादाबाद। दूसरे चरण में कोरोना टीकाकरण को लेकर बुजुर्गो और बीमारों का उत्साह बरकरार है। मंगलवार को कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लगवाने के लिए जिले के सरकारी और निजी केंद्रों पर 976 बुजुर्ग और बीमार पहुंचे। 96 हेल्थ केयर वर्करों और फ्रंट लाइन वर्करों ने भी कोरोना से बचाव का टीका लगवाया। वहीं डीएम राकेश कुमार सिंह ने जिला अस्पताल में कोरोना से बचाव का टीका लगवाया।
मंगलवार को जिले के बाइस सरकारी और तेरह निजी अस्पतालों में कोरोना टीकाकरण को सत्र आयोजित किए गए। सरकारी अस्पतालों में 591 लोगों को कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लगाई गई। इसमें 146 बीमार और 395 बुजुर्ग शामिल रहे। वहीं निजी अस्पतालों में 481 लोगों को कोरोना से बचाव का टीका लगाया गया। इसमें सबसे अधिक 332 बुजुर्ग और 103 बीमार शामिल रहे। इसके अलावा निजी और सरकारी अस्पतालों में 96 स्वास्थ्य कर्मियों और फ्रंट लाइन वर्करों को कोरोना वैक्सीन की डोज लगाई गई।