मुरादाबाद। मुरादाबाद-दिल्ली रूट पर चलने वाली एसी बसों में यात्री ऑनलाइन सीटों की बुकिंग कराने में खास दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं। आलम यह है कि 42 सीटों वाली इन बसों में औसतन मात्र दो से तीन सीटें ही ऑनलाइन बुक हो रही हैं, जबकि शेष यात्री बस अड्डे पहुंचकर सीधे टिकट लेना पसंद कर रहे हैं।
मुरादाबाद बस अड्डे से दिल्ली के लिए हर एक घंटे में एसी बस की सुविधा है। दिल्ली रूट पर 10 एसी बस चलाई जाती हैं। दिल्ली के लिए हर घंटे बस उपलब्ध होने के कारण यात्रियों में सीट न मिलने का डर कम रहता है। ऑनलाइन पोर्टल के जरिये बुकिंग करने पर यात्रियों को कुछ अतिरिक्त सर्विस चार्ज देना पड़ता है। इससे बचने के लिए यात्री बस के भीतर कंडक्टर से टिकट लेना बेहतर समझते हैं।
मुरादाबाद बस अड्डा इंचार्ज किरन पाल सिंह का कहना है कि सुबह-शाम दिल्ली जाने वाले यात्रियों की संख्या अधिक रहती है। यात्री बस छूटने से 10-15 मिनट पहले बस अड्डे पर आ जाते हैं और मौके पर टिकट कटाकर अपनी सीट सुरक्षित करते हैं। बस अड्डे से हर एक एसी बस के निकलने से पहले उसमें करीब 35 यात्री होते हैं। उनका कहना है कि त्योहार के सीजन में ऑनलाइन बुकिंग ज्यादा होती है।