मुरादाबाद। मुरादाबाद रेल मंडल के यात्रियों को जल्द ही पैसेजर ट्रेनों की सौगात मिल सकती है। रेल मंत्रालय छोटे स्टेशनों के यात्रियों के लिए पैसेंजर ट्रेन चलाने की योजना बना रहा है। इसके लिए रेल मंडल के अधिकारियों ने क्षेत्रीय स्टेशनों से पैसेंजर ट्रेनों के संचालन संबंधी जानकारी व सुझाव रेल मंत्रालय को भेज दिए हैं। माना जा रहा है कि जल्द ही मुरादाबाद से अमरोहा, चंदौसी, रामपुर, नजीबीबाद आदि स्टेशनों के लिए पैसेंजर ट्रेनों का संचालन शुरू हो सकता है।
कोरोना संक्रमण के कारण हुए लॉकडाउन के बाद से देशभर में पैसेंजर ट्रेनों का संचालन बंद है। वर्तमान समय में सीमित संख्या में स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेनें ही चलाई जा रही हैं। ऐसे में छोटे स्टेशनों के यात्रियों को इन ट्रेनों का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इसके दृष्टिगत रेल मंत्रालय ने इन स्टेशनों के लिए यात्रियों की संख्या आदि विवरण मांगा था। गौरतलब है कि मुरादाबाद से रामपुर, अमरोहा, चंदौसी, गजरौला, नजीबाबाद आदि स्टेशनों का लिए पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन होता रहा है। यह पैसेंजर ट्रेनें पर्यटन के लिए जाने वाले यात्रियों के लिए भी सस्ता साधन हैं। इसलिए इन ट्रेनों में अधिक संख्या में यात्री सफर करते हैं। सामान्य दिनों में रेल मंडल के नजीबाबाद से कोटद्वार के लिए तीन, मरादाबाद से नजीबाबाद व सहारनपुर के लिए एक पैसेंजर व एक मेमो ट्रेन चलाई जाती है। इसके अलावा ऋषिकेश से बांदीकुई के बीच एक पैसेंजर ट्रेन का परिचालन होता है। इस ट्रेन में काफी संख्या में स्थानीय यात्री सफर करते हैं। संक्रमण काल में इन सभी ट्रेनों का परिचालन बंद होने से स्थानीय यात्री परेशान हैं। इसके अलावा धामपुर, नगीना, स्योहारा आदि स्टेशनों ने मंडल के अधिकारियों को कोरोना से पहले चलने वाली ट्रेनों से संबंधित जानकारियां उपलब्ध करा दी हैं। सीनियर डीसीएम रेखा शर्मा ने बताया कि सभी जानकारियों रेल मंत्रालय को भेज दी गई हैं। सब कुछ ठीक रहा तो जल्द ही इन स्टेशनों के लिए पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन शुरू किया जा सकता है।