मुरादाबाद। शहर के प्रमुख बाजारों में पार्किंग की समस्या का समाधान होना शुरू हो गया है। गुरुवार को व्यापारियों ने पहल करते हुए घास मंडी में पार्किंग की व्यवस्था शुरू करवाई। ग्राहकों और दुकानदारों के दोपहिया वाहन अब यहीं खड़े हो सकेंगे। इससे स्थानीय दुकानदारों में खुशी है। उनका कहना है कि इससे उनके कारोबार में बढ़ोतरी होगी।
करवाचौथ के त्योहार में कुछ ही दिन हैं। इसके साथ ही ग्राहक दीपावली के त्योहार की भी तैयारियां कर रहे हैं। सामान खरीदने के लिए जब वह बाजार गंज, मंडी चौक, अमरोहा गेट, बुध बाजार और ताड़ीखाना पर जाते हैं तो पार्किंग नहीं होने के कारण जाम की समस्या से जूझते हैं। इसी के निराकरण के लिए अमर उजाला की ओर से शहर के बाजार पार्किंग से बेजार अभियान में पार्किंग समस्या का मुद्दा उठाया था। इसमें व्यापारिक संगठनों, नगर निगम के अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों, स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बैठक कर मंथन किया। व्यापारियों के सुझाव पर पुरानी तहसील में पार्किंग सुविधा गुरुवार को शुरू हो गई थी, अब शुक्रवार से व्यापारियों ने खुद ही पहल करते हुए घास मंडी में भी पार्किंग की सुविधा शुरू करवा दी है। सराफा कमेटी बाजार गंज के अध्यक्ष नीरज अग्रवाल ने कहा कि घास मंडी में अतिक्रमण होने के कारण वाहन नहीं खड़े हो पा रहे थे। शुक्रवार को समिति के पदाधिकारियों ने दुकानदारों को समझा-बुझाकर अतिक्रमण को समाप्त करवाया है। अभी एक टीनशेड बाकी है, जिसे नगर निगम के अधिकारी हटवाएंगे। इस दौरान महामंत्री श्रवण कुमार, उपाध्यक्ष राजीव अग्रवाल, सरल अग्रवाल, उत्कर्ष अग्रवाल, दीपेंद्र अग्रवाल, संजीव सिंघल आदि थे।
पार्किंग के पास मेरी पहली दुकान है। त्योहार के सीजन पर सबसे ज्यादा दिक्कत होती है। ग्राहकों की गाड़ियों को गलियों में पार्किंग करवाते हैं। शहर का प्रमुख बाजार होने की वजह से यहां पार्किंग की सख्त जरूरत है। दोपहिया वाहन घास मंडी में खड़े हो जाएंगे, जबकि चार पहिया वाहनों के लिए जिला प्रशासन को जेल के पास या बालाजी मंदिर के पास व्यवस्था करनी चाहिए। यहां पार्किंग शुरू होने से हमें 80 फीसदी राहत मिल जाएगी। आने वाले समय में सहूलियत दिखाई देगी। ग्राहक कोरोना की वजह से आने से कतराता है। उन्हें भी राहत रहेगी।
- आयुष गोयल, दुकानदार।
पूरे बाजार में पार्किंग की समस्या है। कई बार प्रशासन के समक्ष इस मुद्दे को उठाया है। दस वर्ष पहले तो जिला प्रशासन ने पार्किंग व्यवस्था करने के लिए जमीन की पैमाइश भी कर ली थी। अब पार्किंग शुरू हुई है तो बाजार के ग्राहक आने शुरू होंगे। कुछ ग्राहक सिर्फ पार्किंग की समस्या की वजह से नहीं आते हैं। कारोबार में बढ़ोतरी होगी। नगर निगम के अधिकारियों को अतिक्रमण को हटाने की कवायद करनी चाहिए।
- दीपांशु अग्रवाल, दुकानदार।