मुरादाबाद। शहर का सबसे व्यस्त बुध बाजार एक बार फिर अव्यवस्था की गिरफ्त में है। नगर निगम की ओर से महीनों पहले जाम से राहत देने के लिए बनाई गई पार्किंग व्यवस्था अब पूरी तरह से धड़ाम हो गई है। करोड़ों की लागत से स्मार्ट सिटी ने बाजार को आधुनिक रूप दिया है लेकिन बदहाल व्यवस्थाओं पर काबू नहीं पाया जा सका है। फुटपाथ के बाहर तक दुकानें और डिवाइडर के दोनों ओर खड़ी गाड़ियां जाम की वजह बन रही हैं। शनिवार को अमर उजाला ने पार्किंग व्यवस्था की पड़ताल की तो हकीकत दावों से बिल्कुल उलट दिखी। इंपीरियल तिराहे पर रैन बसेरा (शेल्टर होम) के पास बनाई गई पार्किंग पूरी तरह खाली पड़ी हुई थी यहां दोपहर तीन बजे तक एक भी वाहन पार्क नहीं किए गए थे। यहां तैनात पार्किंग कर्मचारी ने बताया कि सुबह से शाम तक कोई गाड़ी नहीं आती। कभी-कभार कोई दोपहिया वाहन ही खड़ा होता है। रोज का यही हाल है। दूसरी ओर इसी मार्ग पर इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास बनी पार्किंग में कुछ चारपहिया गाड़ियां जरूर खड़ी दिखीं मगर बुध बाजार में डिवाइडर के दोनों छोर पर खड़ी दर्जनों गाड़ियों ने पूरे ट्रैफिक सिस्टम को अस्त-व्यस्त कर रखा था।
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि नगर निगम ने जब पार्किंग शुरू की थी तब कुछ दिन तक सभी वाहन चालक तय स्थानों पर वाहन खड़ा करते थे। निगम ने अभियान चलाकर चेतावनी दी थी और चालान काटकर जुर्माना भी वसूल किए थे। लेकिन कुछ ही दिन में सब पहले जैसा हो गया। दुकानदारों ने खुद माना कि जब तक रोज निगरानी नहीं होगी व्यवस्था नहीं सुधरेगी। यहां दुकानदार ही गाड़ियां खड़ी करते हैं ग्राहक तो कुछ ही देर के लिए बाजार पहुंचते हैं।
बाजार में बर्तन बेचने वाले फड़ विक्रेता विपिन चौधरी ने कहा कि सबसे ज्यादा शाम के वक्त दिक्कत होती है। शाम में स्थिति बद से बदतर रहती है। दोपहिया गाड़ी भी बाजार से लेकर निकलना मुश्किल हो जाता है। वहीं दिन में जाम लगने की वजह से स्कूली बस भी इसमें फंस जाती है। कई बार 15-20 मिनट तक स्कूली बस 200 मीटर की दूरी भी तय नहीं कर पाती है। ऐसे में बच्चों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
आर्य कन्या कॉलेज के पास के दुकानदार यतींद्र शुक्ला का कहना है कि स्मार्ट सिटी योजना के तहत इंपीरियल तिराहे से टाउन हॉल तक बनी स्मार्ट रोड का मकसद था कि पैदल यात्रियों को फुटपाथ की सुविधा मिले और मार्ग पर लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिले। लेकिन फुटपाथ पर अतिक्रमण और सड़क किनारे अवैध पार्किंग से यह मकसद अधूरा रह गया। निगम की टीम भी अब महज औपचारिकता ही निभाती है। टाउनहॉल से पहले चौराहे पर हमेशा यातायात पुलिस के जवान खड़े रहते हैं लेकिन उनका जोर सिर्फ चालान काटने पर ही रहता है। अवैध रूप से गाड़ी खड़ी करने वालों पर वह कोई कार्रवाई नहीं करते हैं।
- शहरियों को होती है परेशानी
बुध बाजार और टाउन हॉल जैसे व्यस्त इलाकों में जाम लगने की वजह से शहरियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस मार्ग से लोग न तो बस अड्डा जाते हैं और न ही रेलवे स्टेशन। लोगों का मानना है कि इस मार्ग से गुजरने में काफी समय ट्रैफिक में बर्बाद होता है इसलिए वह वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करते हैं। इसके अलावा कभी कभी एंबुलेंस जैसी जरूरी सेवाएं भी शहर के भीतर देर से पहुंचती हैं।
- यहां भी सुविधा अधर में
सिविल लाइंस में आंबेडकर पार्क के पास भी पार्किंग की व्यवस्था की गई है। यहां पार्किंग होने के बावजूद लोग अवैध रूप से वाहन खड़ा कर रहे हैं। पार्किंग में कार्यरत कर्मचारी ने बताया कि कई ऐसे लोग हैं जो वाहन तो पार्क कर रहे हैं लेकिन पैसे नहीं देते हैं। इनकी शिकायत भी ऊपर की जाती है। वहीं जो लोग पार्किंग के बाहर गाड़ी खड़ी करते हैं उनसे भी पार्किंग में गाड़ी लगाने के लिए कहा जाता है लेकिन वह भी डरा-धमका कर वहीं अवैध रूप से गाड़ी खड़ी करके चले जाते हैं।
00
बुध बाजार की सड़क या फुटपाथ पर वाहन खड़ी करने वालों को पहले भी चेताया जा चुका है। कई बार अभियान चलाकर जुर्माना वसूला गया है। पार्किंग की सुविधा दे दी गई है लेकिन इसके बावजूद कुछ वाहन लोग खड़े कर रहे हैं। इस संदर्भ में यातायात विभाग को भी सूचना दी जा चुकी है। नियमित रूप से अभियान चल रहा है। - अजीत कुमार सिंह, अपर नगर आयुक्त
- निगम ने जब्त की गाड़ियां
नगर निगम और प्रवर्तन दल की टीम ने शनिवार को बुध बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान सड़क पर अवैध रूप से खड़े वाहनों पर भी कार्रवाई की गई। तीन चारपहिया वाहनों को जब्त कर उन्हें पार्किंग में भेजा गया और सभी को अंतिम चेतावनी दी गई। यह अभियान अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में चला।