मुरादाबाद। महिला विश्वकप के फाइनल मुकाबले में रविवार को जब भारत और दक्षिण अफ्रीका की टीमें आमने-सामने होंगी तो पूरा देश अपनी टीम की जीत के लिए दुआ करेगा। लेकिन मुरादाबाद के लिए यह मुकाबला कुछ और मायने रखता है। मौजूदा वर्ल्ड कप में शहर का डबल कनेक्शन अपनी चुनौती पेश करता हुआ नजर आएगा। महिला विश्वकप में भारतीय टीम की दो धुरंधर खिलाड़ी दीप्ती शर्मा और स्नेह राणा का सीधा संबंध मुरादाबाद से जुड़ा हुआ है। दीप्ति शर्मा आगरा की रहने वाली हैं लेकिन वर्तमान में वह मुरादाबाद पुलिस एकेडमी में डिप्टी एसपी के रूप में प्रशिक्षण ले रही हैं। मौजूदा वर्ल्ड कप में उन्होंने अब तक आठ मुकाबले खेले हैं जिनमें छह पारियों में उन्होंने दो अर्धशतक के साथ कुल 157 रन बनाए हैं। गेंदबाजी में उनका प्रदर्शन और भी शानदार रहा। आठ मैचों में उन्होंने 17 विकेट हासिल किए जिनमें एक मैच में चार विकेट भी शामिल हैं। भारतीय टीम को खिताबी दहलीज तक पहुंचाने में दीप्ती ने भी अहम योगदान दिया है।
वहीं दूसरी ओर स्नेह राणा जो मूल रूप से देहरादून की रहने वाली हैं लेकिन वर्तमान में मुरादाबाद मंडल के रेलवे विभाग में कार्यरत हैं। मैदान पर वह गेंदबाजी में टीम इंडिया की रीढ़ साबित हुई हैं। मौजूदा वर्ल्ड कप में उन्होंने छह मुकाबले खेले हैं जिसमें उन्होंने 99 रन बनाने के साथ सात विकेट भी अपने नाम किए हैं। स्नेह का शांत स्वभाव और आक्रामक गेंदबाजी दोनों ही विपक्षी बल्लेबाजों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं।
- मैच देखने के लिए हुई खास तैयारी
पुलिस एकेडमी और रेलवे विभाग दोनों ही स्थानों पर इस मैच को लेकर खास तैयारी की गई है। दोनों विभागों में लोग इनकी सफलता की कामना कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश के डीजी ट्रेनिंग और पुलिस एकेडमी के निदेशक राजीव सब्बरवाल ने कहा कि वह दीप्ती समेत पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हैं कि वह विश्वकप जीतकर इतिहास रचें। इस मैच को लेकर एकेडमी में खास तैयारी की गई है। एक साथ सब मैच देख सकें इसकी व्यवस्था की जा रही है। खिताबी मुकाबले को लेकर सभी बेहद उत्साहित हैं। वहीं रेलवे में भी स्क्रीन लगाकर मैच देखने की तैयारी की जा रही है।