मुरादाबाद। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ के बाद मुरादाबाद रेल मंडल के स्टेशनों से लगभग 1500 टिकट रद्द हुए हैं। इनमें 80 फीसदी टिकट ऑनलाइन बुकिंग वाले हैं। घटना के बाद से कई रेलवे स्टेशनों से सामने आ रहीं भीड़ की तस्वीरों से डरकर लोग टिकट निरस्त करा रहे हैं। लोग बसों से यात्रा कर रहे हैं। हालांकि रेलवे ने जीआरपी व आरपीएफ को अलर्ट किया है, जिससे यात्रियों में असुरक्षा का भाव उत्पन्न न हो।
दिल्ली हादसे के बाद से ही मुरादाबाद रेल मंडलों के स्टेशन पर जीआरपी व आरपीएफ अलर्ट हो गई। रविवार को अधिकारियों ने स्टेशन का निरीक्षण किया और भीड़ को नियंत्रित करने का प्रबंधन करने के निर्देश दिए। ट्रेन के आने पर धक्कामुक्की न हो इसके लिए जीआरपी और आरपीएफ के सिपाही मोर्चा संभालते नजर आए। वहीं मुरादाबाद से काफी संख्या में जीआरपी स्टाफ को गाजियाबाद, मेरठ, मुजफ्फरनगर आदि स्टेशनों पर भेजा गया है, ताकि वहां स्थिति को संभाला जा सके। कुंभ जाने वाली ट्रेनों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।
जनसाधारण, लिंक एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों में सीटों के लिए मारामारी
लिंक एक्सप्रेस, संगम एक्सप्रेस से लेकर अनारक्षित बोगियों वाली जनसाधारण एक्सप्रेस में भी रविवार को सीट पाने के लिए मारामारी रही। कोहरे के कारण कई ट्रेनों के निरस्त होने से समस्या बढ़ गई है। महाकुंभ जाने वाले यात्रियों के अलावा अयोध्या, बनारस, चित्रकूट, मथुरा जाने वाले लोगों की संख्या काफी है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि पिछले चार सीजन में फरवरी माह में ट्रेनों में कभी इतनी भीड़ नहीं रही। अब महाकुंभ के कारण ज्यादा यात्री सफर कर रहे हैं। 26 फरवरी को महाकुंभ का समापन होगा और 28 फरवरी से कोहरे के कारण निरस्त ट्रेनें बहाल हो जाएंगी।
-
मुरादाबाद अनुभाग में ट्रेनों में स्थिति सामान्य है। प्रयागराज जाने वाली ट्रेनों में अतिरिक्त स्टाफ तैनात किया गया है। भीड़ नियंत्रण के लिए दिल्ली एनसीआर के स्टेशनों पर फोर्स को भेजा गया है। स्टेशन परिसर में भी ट्रेनों के आवागमन के समय अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।
- आशुतोष शुक्ला, एसपी रेलवे