दढ़ियाल (रामपुर)। दढ़ियाल चौकी क्षेत्र के मोहल्ला इंदिरा कालोनी में मंगलवार की रात एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवती अपने पड़ोसी के घर में उस वक्त मृत मिली मोहल्ले में ही रहने वाले एक दिव्यांग युवक से उसकी शादी को लेकर पंचायत चल रही थी। युवती की मौत के खबर के बाद उसके परिजनों ने उसके प्रेमी पर अपने भाई के साथ मिलकर हत्या करने का आरोप लगाया। युवक पक्ष के लोग युवती के परिजनों पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। युवती के पिता ने पुलिस को तहरीर दे दी है, लेकिन अभी रिपोर्ट अभी दर्ज नहीं हुई है।
पुलिस के मुताबिक दढ़ियाल के इंदिरा कालोनी की एक युवती से पड़ोसी युवक शादी करना चाहता था । युवती पक्ष के लोग इसके लिए तैयार नहीं थे। इसी को लेकर मंगलवार की रात मोहल्ले में पंचायत चल रही थी। इसी दौरान पड़ोसी के घर में युवती का शव मिलने की बात सामने आई। शव को देखकर मोहल्ले में हड़कंप मच गया। परिजनों ने युवती की हत्या की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर सीओ स्वार सत्यजीत गुप्ता, इंस्पेक्टर टांडा और चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंच गए। पुलिस के समक्ष परिजनों ने मोहल्ले के सगे भाइयों पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। परिजनों का आरोप था कि मोहल्ला निवासी एक युवक उससे शादी करना चाहता था लेकिन उसके परिजनों ने शादी से इंकार कर दिया था। इस बात को लेकर पंचायत भी हुई थी। युवती के परिजनों का आरोप है कि शादी से इंकार करने पर युवक और उसके भाई ने धमकी दी थी। उनका आरोप है कि युवक और उसके भाई ने युवती को पड़ोसी के घर में फंदे पर लटका कर मार डाला है। युवती के परिजनों ने दोनों की गिरफ्तारी को लेकर हंगामा भी किया। पुलिस ने आक्रोशित परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। युवती के पिता की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। युवक पक्ष की ओर से भी युवती के परिजनों पर ही उसकी हत्या के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह से साफ नहीं हुई है। शव पर किसी तरह का चोट या खरोच का निशान नहीं है। ऐासे बिसरा सुरक्षित कर जांच को भेज दिया गया है।
युवती के शव के पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह साफ नहीं हुई है। गला घोंटे जाने के जो आरोप लगाए जा रहे थे उसकी पुष्टि नहीं हुई है। शरीर पर किसी तरह का कोई निशान नहीं है। बिसरा सुरक्षित कर जांच को भेज दिया गया है। दोनों पक्षों की ओर से जो आरोप लगाए जा रहे हैं उसकी जांच की जा रही है। जांच के मुताबिक रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।- शगुन गौतम एसपी
पुलिस हर एंगल से कर रही मामले की जांच
रामपुर। युवती की मौत की वजह उलझती जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता नहीं चल पाया है कि युवती की मौत कैसे हुई। उसके शरीर पर चोट के भी निशान नहीं है। ऐसे में सवाल यह उठता है कि क्या युवती को कोई जहरीला पदार्थ दिया गया था। सवाल यह भी उठता है कि युवती पड़ोसी के घर कैसे पहुंची और उसकी वहां मौत कैसे हो गई। टांडा कोतवाल माधो सिंह बिष्ट का कहना है कि मामला कुछ उलझा हुआ है, लेकिन इसे सुलझा लिया जाएगा। पुलिस को कुछ के हाथ कुछ सुराग लगे हैं, जिसके आधार पर जांच की जा रही है। जांच के आधार पर ही रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।