बिलारी। प्राथमिक शिक्षा विभाग की ओर से सोमवार सुबह नगर में स्टेशन रोड स्थित एक मैरिज हॉल में ब्लॉक स्तरीय संगोष्ठी और उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस दौरान शिक्षा के प्रति समाज में जागरूकता लाने, शिक्षा गिरते स्तर को सुधारने और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा हुई।
एसडीएम विनय कुमार सिंह और खंड शिक्षा अधिकारी विकास कुमार ने अतिथियों को साथ लेकर सबसे पहले मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप जलाकर कार्यक्रम शुरू कराया। क्षेत्र के हाथीपुर स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के छात्राओं ने स्वागत गीत समेत कई सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। शिक्षकों और पंचायत प्रतिनिधियों ने एसडीएम और बीईओ को बुके देकर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में मंचासीन नगरपालिका सभासद और पश्चिमी व्यापार मंडल के अध्यक्ष देवेश शर्मा एडवोकेट, प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष रोहित कुमार मिश्रा, सहसपुर स्कूल के प्रधानाध्यापक फरहत अली आदि रहे। संयुक्त संचालन एआरपी अक्षय कुमार, राजीव कुमार, नाजिम हुसैन और सिमी सदफ द्वारा किया गया।
परिषदीय स्कूलों से संबंधित मिशन कायाकल्प के कार्य जिन ग्राम पंचायतों द्वारा बेहतर तरीके से किए गए उनके प्रधानों को प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले प्रधानों में ब्रजपाल सिंह बकैनिया चांदपुर, राजू सिंह हरोरा, सायरा बेगम थांवला, शगुफ्ता अंसारी सहसपुर, राजेंद्र सिंह डांडा दम्बूनगला, हदीसा बेगम सिहारी माला, महबूब हुसैन टांडा अमरपुर,डा.मोहम्मद आसिफ सतारन, देवीनंदन नवैनी उदैया और मनोज कुमार पीपली आदि मुख्य थे।
कार्यक्रम में बिलारी क्षेत्र के इंस्पायर अवार्ड विजेता आठ छात्रों और राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा में चयनित 14 छात्रों को भी शील्ड देकर सम्मानित किया। बिलारी ब्लॉक के 31 निपुण विद्यालयों में पंचायतों के योगदान को सराहा गया। इन सभी 31 विद्यालयों के शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में फरहत अली, संजय विशाल नेगी, मोहर सिंह, भुवनेश कुमार, अमित कुमार, सीमा यादव और दीपाली गुप्ता मौजूद रहे।