पूनम शर्मा ने पंचायत चुनाव में क्षेत्र पंचायत सदस्य पद पर दावेदारी की थी और चुनाव लड़ा था। रविवार दो मई को पूनम शर्मा की बरात आई हुई थी और एक बारात घर में वैवाहिक रस्में चल रहीं थी।
रामपुर में हाथों में मेहंदी सजाए और वरमाला लिए जीवनसाथी के साथ सात जन्मों के बंधन से बंधने से पहले दुल्हन को पंचायत चुनाव में क्षेत्र पंचायत सदस्य पद पर जीत की खबर मिल गई। जिसके बाद सजी-धजी दुल्हन वैवाहिक रस्मों के बीच ही पहले मतगणना स्थल पर पहुंची और जीत का प्रमाण पत्र लिया। इसके बाद दोबारा घर पहुंचकर जीवनसाथी संग सात फेरे लिए। पंचायत चुनाव में दुल्हन की जीत का यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय है।
विज्ञापन
मामला मिलक थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर जदीद गांव का है। गांव निवासी पूनम शर्मा पुत्री गंगासरन की शादी बरेली जिले के शाही थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव बफरी निवासी एक युवक से तय हुई थी। पूनम शर्मा ने पंचायत चुनाव में क्षेत्र पंचायत सदस्य पद पर दावेदारी की थी और चुनाव लड़ा था। रविवार दो मई को पूनम शर्मा की बरात आई हुई थी और एक बारात घर में वैवाहिक रस्में चल रहीं थी।
इसी दौरान पूनम शर्मा की क्षेत्र पंचायत सदस्य पद पर जीत की खबर आ गई। पूनम शर्मा को कुल 601 मत मिले और उन्होंने अपनी निकटतम प्रतिद्वंदी शकुंतला को 31 मतों से हरा दिया। जीत की खबर सुनकर दुल्हन के रूप में सजी पूनम शर्मा सीधे मतगणना स्थल पहुंच गईं और अपना जीत का प्रमाण पत्र लिया। इसके बाद दोबारा वैवाहिक स्थल पर पहुंचकर शादी की अन्य रस्मों को पूरा किया।