मुरादाबाद। शहर के महाराजा अग्रसेन इंटर कालेज मतगणना केंद्र पहुंचे बहुत से प्रत्याशी अपनी कोरोना निगेटिव रिपोर्ट नहीं लाए। वहां मौजूद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उनकी मौके पर ही एंटीजन किट से कोरोना जांच की तो 15 अभिकर्ता कोरोना पॉजिटिव निकले। कुछ तो पॉजिटिव रिपोर्ट आने पर बिफर गए। उन्हें तुरंत होम आइसोलेट होने के लिए घर भेज दिया गया।
कोरोना संक्रमण के चलते सभी प्रत्याशियों, अभिकर्ताओं को अपनी 48 घंटे पूर्व तक की कोरोना निगेटिव की रिपोर्ट लाने को कहा गया था। इसलिए अधिकांश ने अपनी जांच पहले ही करा ली थी। शहर के महाराजा अग्रसेन इंटर कालेज मतगणना केंद्र पर पहुंचे अधिकांश प्रत्याशी अपनी रिपोर्ट लेकर भी आए थे, लेकिन फिर भी बहुुत से अभिकर्ताओं ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। वे अपनी रिपोर्ट साथ नहीं लाए। ऐसे अभिकर्ताओं को मतगणना केंद्र पर मौजूद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गेट पर ही रोक लिया और अलग ले जाकर उनकी एंटीजन किट से कोरोना की जांच की। इस जांच में 15 अभिकर्ता कोरोना पॉजिटिव मिल गए ।
दोबारा जांच कराई जब हुई तसल्ली
एंटीजन जांच में कोरोना पॉजिटिव मिलने पर कुछ अभिकर्ता नाराज हो गए। उन्होंने कहा कि उनमें कोई लक्षण भी नहीं है। कोई दिक्कत परेशानी ही नहीं है । न नजला है न जुकाम है न बुखार और न खांसी तो फिर उन्हें कोरोना कैसे हो गया। स्वास्थ्य टीम उन्हें समझाती रही और तुरंत घर जाने को कहा, लेकिन ओमप्रकाश नाम का एक अभिकर्ता टीम की जांच पर ही सवाल उठाने लगा। उसने कहा कि जांच गलत हुई है उसे इस पर भरोसा नही है। उसके कहने पर टीम ने उसकी दोबारा दूसरी एंटीजन किट से जांच की तो उसमें भी उसकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव थी। इसके बाद कोरोना संक्रमितों को होम आइसोलेशन के लिए घर भेज दिया गया।
थर्मल स्कैनिंग में भी फेल हुए
मतगणना केंद्र पर मौजूद सुरक्षा कर्मी आने वाले अभिकर्ताओं की कालेज गेट पर ही जांच कर रहे थे। धूप और गर्मी की वजह से करीब 20 से अधिक अभिकर्ताओं का तापमान अधिक मिला। इस पर टीम ने उन्हें वापस भेजा, लेकिन वह एतराज करने लगे। इसके बाद उन्हें कुछ देर छाया में बैठाकर फिर से तापमान लिया गया तो वह नार्मल था इस पर उन्हें अंदर भेज दिया गया।
कोट
अग्रसेन मतगणना केंद्र में ताजपुर, पाकबड़ा और अगनावनपुर क्षेत्र की टीमें कोरोना जांच में लगी थी। जो अभिकर्ता अपनी कोरोना नेगेटिव रिपोर्ट नहीं लाए तो उनकी कोरोना एंटीजन जांच की गई। तीनों टीमों ने करीब 400 से अधिक जांच की इसमें 15 अभिकर्ता कोरोना पॉजिटिव मिले। उननके नाम पते नोट करके घर भेज दिया गया ह। अब स्वास्थ्य टीम उनके घर जाकर पूरी जानकारी लेंगी और उनका उपचार शुरू किया जाएगा।
पलाश सैनी, सीनियर ट्रीटमेंट सुपरवाइजन, स्वास्थ्य विभाग