शनिवार को भगतपुर टांडा और मूंढापांडे ब्लाक क्षेत्र में मतदान होगा। सभी सेंटरों पर शाम तक पोलिंग पार्टियां पहुंच गईं थीं। हर पोलिंग सेंटर पर सुरक्षा के चौकस इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील बूथों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। इस चुनाव में कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है।
पंचायत चुनाव चार चरणों में कराया जा रहा है। पहले और दूसरे चरण का इलेक्शन हो चुका है। शनिवार को तीसरे चरण के लिए भगतपुर टांडा और मूंढापांडे में मतदान होगा। शुक्रवार की शाम तक सभी सेंटरों पर पोलिंग पार्टियां पहुंच गई थीं। दोनों विकास खंड क्षेत्रों में 131 पंचायतों में बूथ सजेंगे।
मूंढापांडे ब्लाक के 68 गांवों में इलेक्शन होगा जबकि भगतपुर टांडा के 63 गांव में पोलिंग होनी है। जिला पंचायत की आठ और बीडीसी की 190 सीटों पर मतदान होना है। सुबह को सात बजे से पोलिंग का वक्त है। सभी सेंटरों पर बैलेट बॉक्स पहुंच गए थे। जहां भी संवेदनशील केंद्र हैं वहां सुरक्षा के चौकस इंतजाम किए जा रहे हैं।
संवेदनशील में प्लस श्रेणी वाले जो भी केंद्र होंगे वहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। जिलाधिकारी जुहेर बिन सगीर ने बताया कि सभी व्यवस्थाएं कर ली गईं हैं। पोलिंग पार्टियों से कहा गया है कि वह इलेक्शन तेजी के साथ कराएं। ताकि समय से पोलिंग पूरी कराई जा सके।