यह घटना सोमवार की रात की है। क्षेत्र की ग्रोथ सेंटर पुलिस चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने एक कार को रोका, जिसमें से बड़ी मात्रा में गोमांस और दो तस्करों को पकड़ा था। नियमानुसार, पुलिस को इस मामले में तुरंत कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए थी। लेकिन, आरोप है कि चौकी प्रभारी ने इसकी सूचना थाना पुलिस को देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की।
चौकी प्रभारी और थाना पुलिस ने मिलकर एक हैरान कर देने वाला कदम उठाया। उन्होंने गो-तस्करों को बिना किसी कार्रवाई के छोड़ दिया, जबकि बरामद किए गए गोमांस को उमरी सब्जीपुर गांव के जंगल में एक गड्ढा खोदकर दबा दिया। इस तरह, उन्होंने न केवल कानून का उल्लंघन किया, बल्कि अपराध को छिपाने की भी कोशिश की।
पुलिस की इस लापरवाही और गैर-कानूनी हरकत की जानकारी किसी अज्ञात व्यक्ति ने सीधे एसएसपी सतपाल अंतिल को दे दी। सूचना मिलते ही एसएसपी ने इस मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने तुरंत सीओ सिविल लाइंस कुलदीप कुमार, सीओ हाइवे राजेश कुमार और एसओजी की टीम को मौके पर भेजा।
अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। उनके निर्देश पर, जिस जगह गोमांस दबाया गया था, उस गड्ढे को खोदा गया और दबे हुए मांस को बाहर निकाला गया। इसके बाद, मांस का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि यह गोमांस ही है। अधिकारियों की मौजूदगी में देर रात तक जांच का सिलसिला जारी रहा।
एसओजी ने कार को बरामद कर लिया है लेकिन गो तस्कर अभी तक पुलिस की पकड़ में नही आए हैं। अभी चार दिन पहले ही एसएसपी सतपाल अंतिल ने पाकबड़ा थाना प्रभारी विनोद कुमार, एसएसआई सुरेन्द्र सिंह, कस्बा चौकी प्रभारी इजहार अली, एसई विशाल चौधरी और दो सिपाहियों को एक मामले की विवेचना में संवेदानहीनता कर लापरवाही करने के मामले में लाइन हाजिर किया था। अभी तीन दिन पहले ही नये थाना प्रभारी मनोज कुमार की थाने में तैनाती दी गई है।
इन पर हुई निलंबन की कार्रवाई
- इंस्पेक्टर मनोज कुमार, थाना प्रभारी पाकबड़ा
- सब इंस्पेक्टर अनिल कुमार, चौकी प्रभारी ग्रोथ सेंटर
- सब इंस्पेक्टर महावीर सिंह, थाना पाकबड़ा
- हेड कांस्टेबल, बसंत कुमार
- हेड कांस्टेबल, धीरेंद्र कसाना
- कांस्टेबल मोहित और मनीष
- उप निरीक्षक तस्लीम, यूपी-112 पीआरवी थाना पाकबड़ा
- सिपाही राहुल, यूपी-112 पीआरवी
- कांस्टेबल चालक सोनू सैनी, यूपी-112 पीआरवी