डीएम मानवेंद्र सिंह ने कहा कि धान की खरीद लक्ष्य की तुलना में कम है। इस मामले में क्रय एजेंसियां किसानों से संपर्क करें और अधिकारी खरीद कराने में किसानों की मदद करें।
डीएम ने कार्यालय में धान खरीद की समीक्षा बैठक के दौरान ये बातें कहीं। उन्होंने कहा कि घटतौली पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। क्रय केंद्रों पर केंद्र प्रभारी मौजूद रहेंगे। पिछले साल ऐसे केंद्र जहां स्थापित नहीं थे, वहां सहकारिता विभाग किसानों से संपर्क कर धान क्रय कराएगा। केंद्रों पर किसानों को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होनी चाहिए। इस बारे में डिप्टी आरएमओ राजेंश्वर प्रताप सिंह ने बताया कि अभी तक 1151 किसानों से 6580 मीट्रिक टन धान की खरीद हुई है। इसमें सबसे अधिक खरीद खाद्य विभाग ने की है। धान खरीद का लक्ष्य 11 लाख क्विंटल है। तीन दिनों बाद धान खरीद में तेजी आने की संभावना है। क्रय के लिए जिले के 18357 किसानों ने पंजीकरण कराया है। इनमें 12417 किसानों का सत्यापन किया गया है। बैठक में एडीएम प्रशासन गुलाबचंद, डिप्टी आरएमओ राजेश्वर प्रताप सिंह के अलावा पीसीएफ, पीसीयू, यूपी एसएस क्रय एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।