कुंदरकी। मौसम के उतार-चढ़ाव ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है क्योंकि इस समय खेतों में धान की फसल तैयार है। बृहस्पतिवार सुबह अचानक बदले मौसम के दौरान पहले हवा चली और उसके बाद बारिश हुई तो गर्मी से राहत मिल गई लेकिन कुंदरकी ब्लॉक के ग्राम कुतुबपुर अज्जू के जंगल में कई खेतों में धान की फसल गिरी नजर आई।
किसान चमन सिंह, राजेश सिंह, उदयवीर सिंह, भगवान दास, मुकेश सिंह आदि कहना है कि खेतों में जो धान की फसल गिर गई है तो ऐसे खेतों में धान की पैदावार पर असर पड़ेगा। साथ ही चावल का दाना खराब होने और गलने से पटाश की मात्रा अधिक हो सकती है। वहीं गन्ने की फसल को कोई नुकसान नहीं है लेकिन बारिश के दौरान हवा तेज चलने से गन्ना भी गिर जाता है जिसके भी उत्पादन पर असर पड़ सकता है फिलहाल में आसमान में बादल छाए हुए नजर आए जिससे बारिश होने की संभावना को लेकर किसान चिंतित हैं।