मुरादाबाद। कोरोना संक्रमितों की जिंदगी बचाने के लिए ऑक्सीजन लदे टैंकर चालक ने बिना रुके तीस घंटे में बारह सौ किलोमीटर की दूरी तय की। उसने भूख प्यास की परवाह किए बिना टैंकर को पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर से मुरादाबाद पहुंचाया। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने चालक की प्रशंसा की और एसपी ट्रैफिक ने दस हजार रुपये और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया है।
कोविड-19 के बढ़ते संक्रमण और आवश्यकता को देखते हुए अस्पतालों में आक्सीजन की आपूर्ति पूर्ण करने के लिए शासन की ओर से मुरादाबाद को 19 टन आक्सीजन आवंटित की गई थी। आक्सीजन पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर से आनी थी। बिलारी थानाक्षेत्र के भूड़ मवेशी गांव चालक रघुवीर सिंह यादव 29 अप्रैल की शाम छह बजे 19 टन आक्सीजन से भरा टैंकर लेकर मुरादाबाद के लिए रवाना हुआ था। वह प्रतापगढ़ के रास्ते होते हुए बिना रुके टैंकर चलाता रहा। इस दौरान चालक ने भूख प्यास का भी कोई ख्याल नहीं किया। चालक का मकसद था कि किसी भी तरह टैंकर मुरादाबाद पहुंच जाए और यहां हो रही ऑक्सीजन की कमी दूर हो। तीस अप्रैल की देर रात बारह और एक बजे के बीच वह मुरादाबाद पहुुंच गया।