मुरादाबाद। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस(यूएफबीयू) की हड़ताल से जिले के बैंकों में 500 से अधिक चेक क्लियरेंस में अटक गए। जबकि नियमानुसार एक दिन में चेक क्लियरेंस हो जाना चाहिए। वहीं चार दिन बाद बुधवार को बैंक खुलने की वजह से बैंकों में भीड़ लगी रही।
जिले में एसबीआई, पीएनबी, केनरा, बैंक ऑफ बड़ौदा, उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक समेत 31 बैंक संचालित हैं। इसमें सरकारी व अर्द्धसरकारी बैंक शामिल हैं। इन बैंकों की कुल 248 शाखाएं हैं। बैंक अधिकारियों के अनुसार, यूएफबीयू की हड़ताल की वजह से जिले के बैंकों में 500 से अधिक चेक क्लियरेंस में अटक गए हैं। शहर के कई व्यापारियों का कहना है कि चेक क्लियर नहीं होने के काफी आर्डर रुका हुआ है। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद कुमार अग्रवाल जानी ने बताया कि एक दिन में चेक क्लियर होने का नियम है। लेकिन चेक एक दिन में क्लियर नहीं होता है। अब हड़ताल होने की वजह से चेक क्लियर होने में और समय लग रहा है। बैंक अधिकारियों ने बताया कि चेक को क्लियर करने का काम शुरू किया जा चुका है। दो दिनों के भीतर सभी चेक क्लियर कर दिया जाएगा।
00
चार दिन बाद खुला बैंक, लगी रही भीड़
-चार दिन अवकाश के बाद बुधवार को बैंक खुले तो शहर के अधिकतर बैंकों में सुबह से भीड़ लगी रही। कई बैंक शाखाओं में ग्राहकों की लाइन लगी रही। लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। दिल्ली रोड स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में शाम तीन बजे तक काफी भीड़ लगी रही। बैंक में काम कराने आए अभिनव वर्मा का कहना है कि बैंक में आना-जाना लगा रहता है। भीड़ अधिक होने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के अध्यक्ष दिनकर राव का कहना है कि चार दिन से बैंक बंद था। बैंक बुधवार को खुला है। इसलिए भीड़ लगी है। बृहस्पतिवार से बैंकों का काम ठीक हो जाएगा।