दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर मूंढापांडे थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के बाइक सवार बरेली निवासी दो डाक कांवड़ियों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इसमें दोनों की मौत हो गई। उनका एक तीन साथी घायल है। सभी हरिद्वार से जल लेकर लौट रहे थे। बरेली जिले के आंवला थाना क्षेत्र के गांव करुआताल निवासी माधोराम (23), आकाश(24) और अमर सिंह (17) गांव के अन्य लोगों के साथ बाइक से डाक कांवड़ लेने हरिद्वार गए थे।
रविवार रात गंगाजल लेने के बाद सभी बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इस बीच माधोराम, आकाश व अमर सिंह बाइक लेकर अपने साथियों से बिछड़ गए। सोमवार तड़के करीब 3:30 बजे तीनों दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर मूंढापांडे थाना क्षेत्र में दलपतपुर पराग फैक्टरी के पास पहुंचे। इस बीच किसी वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
इसमें तीनों घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तीनों को लेकर जिला अस्पताल लाया गया। जहां देखते ही डॉक्टरों ने माधोराम और आकाश को मृत घोषित कर शव मोर्चरी में रखवा दिया। घायल अमर सिंह का भर्ती कर उपचार किया जा रहा है। एसएचओ मूंढापांडे राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि मरने वाले युवकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। उनके आते ही शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।