भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर उन आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई है जिन्होंने पहलगाम में कत्लेआम किया था। उन्होंने पाकिस्तान को आतंकवाद की फैक्टरी बताते हुए कहा कि मोदी सरकार उसे पूरी तरह नेस्तनाबूद करने के लिए प्रतिबद्ध है। नकवी ने कहा कि पाकिस्तान अब आतंकवाद को राष्ट्रीय उद्योग और आतंकियों को राष्ट्रीय प्रतीक बना चुका है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर उन आतंकियों को करारा जवाब है जिन्होंने हमारी मां-बहनों का सुहाग उजाड़ा। इनका सिंदूर मिटाया गया। अब इन दरिंदों से बदला लिया गया है और यह जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में जुल्म और जुर्म की जागीरदारी का जमींदोज होना न सिर्फ भारत, बल्कि पूरी मानवता की सुरक्षा का धर्मयुद्ध है।
विज्ञापन
शनिवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए नकवी ने कहा कि पाकिस्तान अब आतंकवाद का राष्ट्रीय उत्पादक बन गया है। वहां आतंकवाद एक फैक्टरी की तरह चल रहा है। जिसे मोदी सरकार ने नष्ट करने का बीड़ा उठाया है। ऑपरेशन सिंदूर उसी संकल्प का हिस्सा है जिसने दहशतगर्दों को मुंहतोड़ जवाब दिया है।
नकवी ने कहा कि पाकिस्तान आतंक के अखाड़े में आटे की आफत झेल रहा है और अब उसकी माली हालत भी बदतर हो चुकी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पाकिस्तान का राष्ट्रीय उद्योग अब दहशतगर्दी बन चुका है। आतंकवादी उसके राष्ट्रीय जानवर बन गए हैं। वहां हैवानियत को इस्लाम का लिबास पहनाकर पेश किया जा रहा है, जो इस्लाम और इंसानियत दोनों का दुश्मन है।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृढ़ और दूरदर्शी नेतृत्व में भारत आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ रहा है। देशवासियों को अब अपनी सुरक्षा को लेकर भरोसा है और आतंक के आकाओं में डर पैदा हो चुका है। नकवी ने कहा कि पाकिस्तान की आतंक फैक्टरी को खत्म करने का संदेश अब दुनिया को भी साफ-साफ मिल चुका है।