अमरोहा। गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय मुरादाबाद से संबद्ध महाविद्यालयों में शैक्षिक सत्र 2026-27 के स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए दूसरे चरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। छात्रहित को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने समर्थ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण और महाविद्यालय चयन की नई समयसारिणी जारी की है। इच्छुक छात्र-छात्राएं अब 30 जुलाई तक ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं।
जेएस हिंदू पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. वीर वीरेंद्र सिंह ने बताया कि मुरादाबाद, रामपुर, संभल, बिजनौर और अमरोहा जनपद के राजकीय, सहायता प्राप्त, संघटक एवं स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों में स्नातक स्तर के सभी पाठ्यक्रमों (सेमेस्टर एवं वार्षिक प्रणाली) के प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए दूसरे चरण की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। ऑनलाइन आवेदन शुल्क 150 रुपये निर्धारित किया गया है। ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 30 जुलाई है।
पंजीकरण के बाद अभ्यर्थियों को अपना आवेदन पत्र संबंधित महाविद्यालय में 31 जुलाई तक अनिवार्य रूप से जमा करना होगा। वहीं, आवेदन के दौरान किसी प्रकार की त्रुटि होने पर छात्र-छात्राएं अपने समर्थ लॉगिन के माध्यम से 31 जुलाई शाम पांच बजे तक संशोधन कर सकेंगे। इसके बाद किसी भी प्रकार का सुधार स्वीकार नहीं किया जाएगा।
विश्वविद्यालय ने सभी अभ्यर्थियों से समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील करते हुए कहा है कि प्रवेश संबंधी नियम, पात्रता, आवश्यक दस्तावेज और अन्य दिशा-निर्देश विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। आवेदन करने से पहले उनका अध्ययन अवश्य करें, ताकि प्रवेश प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।