मुरादाबाद। कोरोना की पॉजिटिव रिपोर्ट आने के महज पांच घंटे बाद ही टीएमयू में भर्ती 70 वर्षीय महिला की मौत हो गई। बुधवार देर रात ही कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आई थी। मुरादाबाद में इलाज के दौरान संक्रमित लोगों के मरने वालों का आंकड़ा सात पहुंच गया है।
सीएमओ डा. एमसी गर्ग ने बताया कि बुधवार रात करीब साढ़े दस बजे 76 लोगों की सैंपल रिपोर्ट आई थी। इनमें नौगांवा सादात अमरोहा निवासी 70 साल की महिला की पॉजिटिव रिपोर्ट थी। महिला को 26 अप्रैल को सांस फूलने और बुखार की शिकायत पर टीएमयू में भर्ती कराया गया था। 27 अप्रैल को सैंपल भेजा और 29 अप्रैल को सैंपल रिपोर्ट पॉजिटिव आई। गुरुवार सुबह करीब साढे़ तीन बजे महिला ने दम तोड़ दिया। महिला के परिवार में कोई संक्रमित नहीं है। उसकी तबीयत करीब 20 दिन से खराब थी। अमरोहा में सरकारी अस्पताल में दिखाने के बाद उसे टीएमयू रेफर किया गया था।
महिला के छह बेटे और चार बेटियां हैं। उसकी पोती करीब 15 दिन पूर्व राजस्थान कोटा से लौटी है। पोती होम क्वारंटीन है और पूरी तरह स्वस्थ बताई जा रही है। महिला की मौत के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। अमरोहा स्वास्थ्य विभाग अब महिला के परिवार के सभी लोगों के सैंपल भेजेगा। उसकी मौत के बाद मुरादाबाद जिले में कोरोना संक्रमित लोगों के इलाज के दौरान मौत का आंकड़ा भी सात पहुंच गया है। इनमें चार मुरादाबाद जिले के रहने वाले थे। जबकि एक रामपुर और एक संभल के बाद अब एक अमरोहा जिले के हैं। बाहरी जिलों के संक्रमित मरीज इलाज करवाने टीएमयू में भर्ती हुए थे।