सांसद के गांव में 21 मई को डिग्री कालेज में लगेगा कैंप - ब्लाइंड स्टिक, बैसाखी और दूसरे यंत्र भी बांटे जाएंगेे अमर उजाला ब्यूरो मुरादाबाद। केंद्र सरकार की एडिप योजना के तहत जिले के 1051 दिव्यांगों को ट्राई साइकिल, व्हील चेयर, ब्लाइंड स्टिक व बैसाखी समेत दूसरी यंत्र बांटे जाएंगे।
इसके लिए 21 मई को मुरादाबाद सांसद सर्वेश सिंह के गांव रतूपुरा में स्थित डिग्री कालेज में एक बड़े कैंप का आयोजन राष्ट्रीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम द्वारा किया जाएगा। डीएम ने इस कैंप की तैयारियों को लेकर गुरुवार को संबंधित महकमों के अफसरों के साथ एक बैठक की और जरूरी दिशा - निर्देश जारी किए।
जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि एडिप योजना के अंतर्गत दिव्यांगों को उपकरण बांटे जाने हैं। इसके लिए 21 मई को ठाकुरद्वारा के गांव रतूपुरा में स्थित सुखदेई मैमोरियल डिग्री कालेज में कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कैंप में दिव्यांगों के चिकित्सीय परीक्षण के लिए डाक्टरों की टीम भी मौजूद रहेगी।
इसके अलावा दिव्यांगाें के बैठने और बिजली - पानी की सुविधाओं के लिए संबंधित अफसरों को डीएम ने निर्देश दिए हैं। जिला विकलांग कल्याण अधिकारी अभय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि कुल 1051 पात्रों को कैंप में ट्राई साइकिल, व्हील चेयर, ब्लाइंड स्टिक, श्रवण यंत्र और बैसाखी आदि उपकरणों का वितरण किया जाएगा।
हालांकि यह प्रोग्राम पहले 14 सितंबर को सीपीएच मुरादाबाद में होना था लेकिन ऐन वक्त पर इसे टाल दिया गया था। इस दौरान पात्रों की संख्या भी 276 से बढ़कर 1051 हो गई है। पात्रों की संख्या एक हजार से अधिक है लिहाजा इस कार्यक्रम में किसी केंद्रीय मंत्री के शामिल होने की भी उम्मीद है।
हालांकि डीएम ने बताया कि अभी तक किसी मंत्री के प्रोग्राम की औपचारिक सूचना उन्हें नहीं मिली है।