शहर की आबोहवा बिगाड़ने का खेल रुकने का नाम नहीं ले रहा है। आमदनी के चक्कर में अलग अलग स्थानों से ई-कचरा लाकर रामगंगा नदी किनारे जलाते हैं। हाल ही में इसको लेकर एनजीटी ने भी नाराजगी जाहिर कर कार्रवाई के लिए कहा था।
बृहस्पतिवार को चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक आरोपी को लग्जरी कार में ई-कचरा लादकर ले जाते हुए गिरफ्तार किया है। कार जब्त कर ली गई है, आरोपी से पूछताछ की जा रही हे। एसएचओ नागफनी राजेश सिंह ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी जफर अब्बास निवासी गुडियाबाग का रहने वाला है।
वह वेंटो कार में ई-कचरा लेकर जाते वक्त चेकिंग के दौरान नागफनी क्षेत्र में पकड़ा गया है। आरोपी ने बताया कि वह पुलिस से बचने के लिए लग्जरी कार का इस्तेमाल कर रहा था, जिससे की पुलिस चेकिंग के लिए न रोके। एसएचओ ने बताया कि आरोपी के कब्जे से चार बोरी ई-कचरा बरामद किया गया है।
कार के संबंध में उससे पूछताछ की जा रही है। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। शुक्रवार को उसका चालान कर दिया जाएगा। बता दें कि ई-कचरा शहर के अलग अलग हिस्सों से लाकर रामगंगा नदी किनारे जलाया जाता है। पूर्व में ऐसा करने वाले कई आरोपी पकडे़ जा चुके हैं।