मुरादाबाद। बेगमपुरा एक्सप्रेस में लूट की घटना को अंजाम देने वाले एक बदमाश को जीआरपी ने गिरफ्तार कर लिया है। जबकि उसके तीन साथी फिलहाल फरार हैं। चारों ने मिलकर 28 जून की देर रात घटना को अंजाम दिया था। मिलक और भिटौरा में चेन पुलिंग कर दो यात्रियों के मोबाइल और अन्य सामान लेकर ट्रेन से कूद गए थे। इसके बाद भी खिड़की से एक महिला का पर्स खींच लिया था।
जीआरपी बरेली ने मुखबिर की सूचना पर शनिवार देर रात बदमाशों के ठिकाने पर दबिश दी। इस दौरान एक बदमाश विष्णु निवासी थाना फरीदपुर जिला बरेली पुलिस की गिरफ्त में आ गया। जबकि तीन आरोपी मुकेश, श्यामपाल और सुखपाल मौके से भागने में कामयाब रहे। ये तीनों भी फरीदपुर थानाक्षेत्र जिला बरेली के रहने वाले हैं। पुलिस तीनों की तलाश में जुट गई है। पकड़े गए आरोपी विष्णु के पास से दो मोबाइल बरामद हुए हैं। पुलिस पूछताछ में उसने बताया है कि शेष सामान उसके साथियों के पास है। एसपी जीआरपी अपर्णा गुप्ता का कहना है कि जल्द ही अन्य तीनों आरोपी भी पुलिस की गिरफ्त में होंगे। इसके लिए टीमें काम कर रही हैं।
ज्ञात हो कि जम्मूतवी से वाराणसी जा रही (12238) बेमगपुरा एक्सप्रेस की तीन स्लीपर बोगियों से आरोपियों ने यात्रियों का सामान लूटा था। शाहजहांपुर में ट्रेन रुकने पर गाजीपुर (बिहार), राजाजीपुरम, गीता पल्ली (लखनऊ) के रहने वाले यात्रियों ने जीआरपी को जानकारी दी थी। वहां सिर्फ दो मिनट का ठहराव होने के कारण लिखित तहरीर नहीं दी जा सकी थी। इसके बाद यात्रियों ने लखनऊ जीआरपी में रिपोर्ट लिखाई, इसके बाद यह मुकदमा जीआरपी अनुभाग मुरादाबाद के बरेली थाने में ट्रांसफर कर दिया गया। इसके बाद जीआरपी ने कार्रवाई की है।