कांठ। रास्ते को लेकर दो पक्षों में चल रहे विवाद ने बुधवार को पंचायत के दौरान बड़ा रूप ले लिया। आरोप है कि इस दौरान एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पर पंचायत में ही हमला कर दिया। लाठी-डंडों और धारदार
हथियारों से किए गए हमले में एक पक्ष की महिला समेत छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से तीन को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
मामला कांठ थाना क्षेत्र के गांव खानखानापुर उर्फ बिचपुरी का है। यहां के रहने वाले इम्तियाज पुत्र मियां जान और इनके पड़ोसियों में रास्ते का विवाद चल रहा है। इम्तियाज ने बताया कि पड़ोसी तीन दिन से रास्ते को लेकर उनके साथ झगड़ा और मारपीट कर रहे हैं। आरोप है कि इसी को लेकर मंगलवार को भी मारपीट की गई थी, जिसमें इम्तियाज पक्ष का फखरुद्दीन सहित दो घायल हुए थे। पुलिस ने घायलों का मेडिकल भी कराया था। विवाद के चलते बुधवार को दोनों पक्षों की गांव में ही पंचायत रखी गई थी। जिसमें पंचों के द्वारा दोनों पक्षों को सुना जा रहा था। इम्तियाज का आरोप है कि इस दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने अचानक उन पर हमला कर दिया। लाठी-डंडे और धारदार हथियारों से किए गए हमले में इम्तियाज उसके भाई जाहिद, सद्दाम और मुस्किना पत्नी फखरुद्दीन गंभीर रूप से घायल हो गए। जाहिद के एक हाथ की अंगुली भी कट गई। सूचना पाकर पहुंची 112 पीआरवी पुलिस को देखकर आरोपी मौके से भाग गए। पुलिस चारों घायलों को लहूलुहान हालत में थाने लेकर आई, जहां से इन्हें इलाज और मेडिकल परीक्षण के लिए सीएचसी भेजा गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद इनमें इम्तियाज, जाहिद और सद्दाम को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक सुदेश पाल सिंह ने बताया कि घायलों का मेडिकल कराया गया है। रास्ते के विवाद में पंचायत के दौरान मारपीट की बात सामने आई है। अभी तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलते ही एफआईआर दर्ज की जाएगी। मामले की जांच की जा रही है।