कटघर के बसंत बिहार पीतल बस्ती निवासी प्रिंस ने बताया कि उनका आयुर्वेदिक दवाइयों का व्यापार है। आरोपी रचित पुत्र अखिलेश, केशव पुत्र सुरेश पाल, आकाश सैनी पुत्र मुन्ना सैनी, छोटू मेरे मोहल्ले में ही रहते हैं। प्रिंस ने बताया कि 12 जून को केशव ने उन्हें कॉल की और एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी। रकम न देने पर धमकी दी थी। 14 जून की रात करीब साढ़े बारह बजे प्रिंस अपने दोस्त रोहित को देखने जिला अस्पताल जा रहे थे। इसी बीच गलशहीद क्षेत्र में रामपुर रोड पर लवीना रेस्टोरेंट के सामने प्रिंस को रोक लिया। आरोप है कि आरोपी यहां से उन्हें तमंचे के बल पर बाइक पर बीच में बैठाकर मंडी चौक सौरभ की मां मंजू के घर ले गए। सौरभ हत्या के मामले में जेल में पहले से बंद है।
आरोप है कि यहां चारों ने उनकी पिटाई की और तमंचों की बटों से पीटकर घायल कर दिया। इसके बाद आरोपी उन्हें मरा समझकर रामगंगा नदी में फेंकने की कोशिश करने लगे। इसी बीच वह मौका पाकर वहां से भागने लगे। आरोपियों ने फायर भी किया लेकिन काफी दूर निकल जाने के कारण वह बाल-बाल बच गए। प्रिंस ने ड्यूटी कर लौट रहे दरोगा से इस मामले की शिकायत की। इसके बाद पुलिस ने मेडिकल कराया। एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी रचित, केशव, आकाश सैनी व छोटू के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। गलशहीद थाने की पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।